देश की राजधानी दिल्ली के विकासपुरी इलाके में सोमवार शाम एलिवेटेड रोड पर एक तेज रफ्तार कार ने बाइक को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बाइक पर बैठी युवती फ्लाईओवर से नीचे गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गई।
जबकि बाइक चला रहा युवक और एक अन्य युवती मामूली रूप से घायल हैं। दुर्घटना के बाद कार चालक फरार हो गया है। पुलिस ने बताया कि उत्तम नगर निवासी कुणाल (18) दोस्त बुंदेला गांव निवासी सपना (20) और द्वारका निवासी जिया (22) को बाइक पर बैठाकर जनकपुरी से पश्चिम विहार की ओर जा रहा था।
शाम करीब सवा चार बजे विकासपुरी इलाके में स्थित एलिवेटेड रोड पर पीछे से तेज रफ्तार से आ रही कार ने कुणाल की बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही बाइक दुर्घटनाग्रस्त हो गई और सपना उछलकर फ्लाईओवर से पचास फीट नीचे सड़क पर जा गिरी।
लड़की को फ्लाईओवर से गिरते ही लोगों ने घायल सपना को इलाज के लिए डीडीयू अस्पताल पहुंचाया। इसी बीच पुलिस को भी घटना की सूचना मिली।