पूर्वी दिल्ली के पांडव नगर इलाके में कार ने ऑटो का टक्कर मार दी। हादसे में ऑटो चालक के सिर में चोट लगने की वजह से उसकी मौत हो गई। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिवार को सौंप दिया है। दुर्घटना के समय ऑटो में सवारी मौजूद थी, जो बाल-बाल बची।
पूर्वी दिल्ली के पांडव नगर इलाके में बेलगाम कार ने ऑटो को टक्कर मार दी। हादसे के बाद आरोपी कार समेत मौके से फरार हो गया। राहगीरों ने मामले की सूचना पुलिस को दी। बाद में एंबुलेंस की मदद से ऑटो को एलबीएस अस्पताल ले जाया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया।
विज्ञापन
मृतक की शिनाख्त टुनटुन चौधरी (50) के रूप में हुई है। हादसे के समय ऑटो में एक सवारी भी मौजूद थी। पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से आरोपी कार चालक का पता लगाने का प्रयास कर रही है।
पुलिस के मुताबिक, टुनटुन चौधरी अपने परिवार के साथ गिरी नगर, कालकाजी में रहता था। टुनटुन पेशे से ऑटो चालक था। रविवार को वह सवारी लेकर मदर डेयरी की ओर से निजामुद्दीन की ओर जा रहा था। इस बीच कॉमनवेल्थ खेल गांव के पास पहुंचने पर टुनटुन फ्लाईओवर के नीचे से यू-टर्न लेने लगा। अचानक पीछे तेज गति से आई कार ने इनके ऑटो को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही ऑटो पलट गया और उसने कई कलाबाजियां खाई। कार चालक ने टक्कर मारने के बाद कार को रोका नहीं और फरार हो गया। पीछे आ रहे बाइक सवारों ने तुरंत मामले की सूचना पुलिस को दी। बाद में टुनटुन चौधरी को अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद उसके शव को परिवार के हवाले कर दिया।