सूरजपुर कोतवाली क्षेत्र के साकीपुर-एटीएस रोड पर कार-बाइक की टक्कर से बाइक सवार छात्र की मौत हो गई। वहीं, दो छात्रों की हालत नाजुक बनी हुई है। पुलिस ने घटना का कारण छात्रों का बाइक से रांग साइड आना बताया है। इधर, परिजन बिना पोस्टमार्टम कराए ही छात्र का शव ले गए और अंतिम संस्कार कर दिया। परिजनों की ओर से शाम तक रिपोर्ट भी दर्ज नहीं कराई गई थी।
पुलिस के अनुसार, एक्सप्रेसवे थाने के नंगली वाजिदपुर गांव निवासी शेखर चौहान रामईश कॉलेज में बीफार्मा थर्ड ईयर का छात्र था। शुक्रवार को वह दोस्त योगेश को बाइक से तुगलपुर लेने पहुंचा। इसके बाद साकीपुर निवासी दोस्त पवन को लेकर कॉलेज के लिए चल दिए।
साकीपुर से रांग साइड जाने के दौरान जब एटीएस बिल्डिंग के पास पहुंचे तो इटियोस कार और बाइक में टक्कर हो गई। कार चालक मौका पाकर फरार हो गया।
आसपास के लोगों घायलों को अस्पताल पहुंचाया जहां चिकित्सकों ने शेखर को मृत घोषित कर दिया। जबकि पवन को कैलाश से ट्रॉमा सेंटर एम्स के लिए रेफर कर दिया गया और योगेश का ग्रेनो में ही इलाज चल रहा है। औद्योगिक चौकी इंचार्ज कटार सिंह अवाना का कहना है कि हादसा बाइक के रांग साइड चलने के कारण हुआ है।