दिल्ली के मंदिर मार्ग इलाके में मंगलवार शाम तेज गति से कार चला रही नर्स ने पहाड़गंज निवासी गीता (55) को टक्कर मार दी। इलाज के दौरान देर रात लेडी हार्डिंग अस्पताल में गीता की मौत हो गई।
पुलिस ने आरोपी नर्स आशा यादव को गिरफ्तार कर लिया हालांकि बाद में उसे जमानत दे दी गई। पुलिस के अनुसार, गीता अपने इलाज के लिए मंगलवार शाम को अस्पताल आई थी।
आरके आश्रम मार्ग पर वह सड़क पार कर रही थी, तभी पंचकुइयां रोड की ओर से आ रही आल्टो कार ने उसे टक्कर मार दी। आशा एम्स में नर्स है।
घटना के वक्त वह अपने घर लौट रही थी। घटना के बाद आशा ने भागने की कोशिश की लेकिन लोगों ने उसे पकड़ लिया। पुलिस जांच कर रही है।