कार सवार तीन बदमाशों ने एनएच-24 पर हापुड़ के एक चालक को गन प्वाइंट पर बंधक बनाकर तेल से भरा कैंटर लूट लिया।
बदमाश करीब 20 किलोमीटर तक चालक को कैं टर में ही बंधक बनाकर घुमाते रहे। कई चेकिंग प्वाइंट से गुजरे लेकिन पुलिसकर्मियों ने उन्हें रोका तक नहीं।
चालक से मोबाइल, नगदी और कैंटर लूटकर बदमाशों ने उसे मुकीमपुर के जंगल में फेंक दिया। राहगीरों की मदद से खुद को बंधन मुक्त कर चालक ने कैंटर मालिक को सूचना दी। 12 घंटे की टाल मटोल के बाद मसूरी पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की।
हापुड़ के मुगलपुरा निवासी वसील कैं टर चालक है। वसील ने बताया कि बृहस्पतिवार रात साढे़ आठ बजे वह 550 सरसों तेल के टिन लेकर गाजियाबाद आ रहा था। एनएच-24 पर एसजीआईटी के पास वह लघुशंका के लिए रुका।
थोड़ी दूरी पर खड़ी एक कार में तीन बदमाश बाहर आए और गन प्वाइंट पर बंधक बनाकर कैंटर में बैठा लिया। एक बदमाश कैंटर चलाने लगा, दो ने उसे अपने पैरों में बंधक बनाकर डाल लिया। बदमाश कैंटर लेकर वापस हापुड़ गए।
मुकीमपुरा के जंगल में उसे फेंक गए। वसील का मोबाइल, 15 हजार कैश और तेल से भरा कैं टर बदमाश ले गए। वसील ने खुद को बंधन मुक्त कराकर राहगीरों के फोन से कैंटर मालिक मनीष को सूचना दी।
आरोप है कि मसूरी थाने में तैनात एक दरोगा ने लूट की रिपोर्ट दर्ज करने में टाल मटोल की। दरोगा ने मामले को पिलखुवा का बताकर सीमा विवाद में उलझाना चाहा। एसओ मसूरी से शिकायत की गई तो एफआईआर दर्ज हुई।