राजधानी दिल्ली के सबसे बड़े टीबी अस्पताल राजन बाबू में व्यवस्था किस कदर चरमरा गई है इसकी बानगी रविवार रात देखने को मिली। अस्पताल की बिजली गुल होने के बाद ढाई घंटे तक डॉक्टर मोमबत्ती की रोशनी में मरीजों का नब्ज टटोलते रहे।
रविवार रात करीब साढ़े 11 बजे राजन बाबू अस्पताल में अचानक बिजली गुल हो गई। हालांकि यह पहली बार ऐसा नही हुआ था लेकिन हर बार कुछ ही मिनटों में या तो बिजली आ जाती थी या फिर जेनरेटर चला दिया जाता था। हालांकि रविवार रात ऐसा नही हुआ।
अस्पताल में मौजूद नर्स और डॉक्टर परेशान रहे। रात की ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टर ने नाम न छापने की शर्त बताया कि ढाई घंटे लाइट अस्पताल में नहीं रही। इसकी वजह से मरीज परेशान रहे। कुछ देर तक मोबाइल की रोशनी में काम किया लेकिन बेट्री खत्म होने लगी तो मोमबत्ती की रोशनी में इलाज करना पड़ा।