रेलवे ने पब्लिक को गाजियाबाद-मेरठ रूट पर डायवर्जन की सूचना दे दी और ट्रेनों को गाजियाबाद के रास्ते चला दिया। बिना पूर्व सूचना के डायवर्जन निरस्त किए जाने से रविवार को हजारों यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ा।
लोगों ने डायवर्जन प्लान के आधार पर अपनी यात्रा रद्द कर दी, लेकिन बाद में ट्रेनों को सीधे रास्ते से गुजार दिया गया।
एक सप्ताह पहले ही नार्दन रेलवे ने गाजियाबाद-मेरठ के बीच 14 मार्च को आंशिक और 15 मार्च को मेगा ब्लाक का शेड्यूल जारी किया था।
इस शेड्यूल के मुताबिक कोचुवली-देहरादून और इंदौर-देहरादून एक्सप्रेस को तिलक ब्रिज से ही शामली की ओर डायवर्ट कर दी जाएंगी।
दिल्ली जाने वाली ऋषिकेश-दिल्ली पैसेंजर, कालका-दिल्ली पैसेंजर को सहारनपुर में टर्मिनेट किया जाना था। कई ट्रेनों को रास्ते में रोका जाना था।
इनमें से कोचुवली-देहरादून एक्सप्रेस को तिलक ब्रिज से शामली की ओर डायवर्ट भी कर दिया गया। इसके बाद करीब 12 बजे मेरठ कंट्रोल रूम से गाजियाबाद में फोन पर ब्लाक निरस्त करने और ट्रेनों को गाजियाबाद के रास्ते चलाए जाने की सूचना दी गई। इससे लोगों को परेशानी हुई।
महानंदा एक्सप्रेस रही रद्द
रविवार को दिल्ली-अलीपुर महानंदा एक्सप्रेस रद्द रही। यह ट्रेन सुबह 7:25 बजे गाजियाबाद स्टेशन पहुंचनी थी। हालांकि इसकी पूर्व सूचना दे दी गई थी। ट्रेन रद्द हो जाने से यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ा।
महीनों पहले रिजर्वेशन करा चुके लोगों को अब दूसरी ट्रेन से सफर करना पड़ा। इससे पहले शनिवार को अलीपुर से दिल्ली आने वाली ट्रेन भी रद्द हो गई थी। इसी के चलते रविवार को लिंक ट्रेन रद्द करनी पड़ी।
पुरुषोत्तम एक्सप्रेस के ब्रेक जाम होने से हड़कंप ढाई घंटे रोकी गई ट्रेन
दिल्ली से पुरी जा रही पुरु षोत्तम एक्सप्रेस ट्रेन में शनिवार रात करीब सवा 11 बजे आग की सूचना से हड़कंप मच गया। आनन-फानन ट्रेन को साहिबाबाद स्टेशन पर रोका गया।
जबकि यहां इसका स्टॉपेज नहीं था। जांच के बाद पता जनरेटर बोगी के ब्रेक जाम होने धुआं निकल रहा था। करीब 2:30 घंटे ट्रेन साहिबाबाद स्टेशन पर खड़ी रही। तकनीकी टीम ने ब्रेक ठीक कर ट्रेन को आगे रवाना किया।
यात्रियों को परेशानी उठानी पड़ी। दिल्ली रेलवे स्टेशन से शनिवार रात करीब 10:30 बजे पुरुषोत्तम एक्सप्रेस पुरी के लिए चली थी।
11:15 बजे ट्रेन साहिबाबाद स्टेशन के आउटर पर पहुंची, तो जनरेटर कोच के पहियों से धुआं और चिंगारी निकलने लगी। ट्रेन में तैनात गार्ड ने चिंगारी और धुआं देखकर ड्राइवर को सूचना दी।
साहिबाबाद स्टेशन के अधिकारियों से संपर्क कर ट्रेन को ट्रैक संख्या चार पर रोक दिया गया। आनंद विहार और गाजियाबाद स्टेशन से रेलवे की तकनीकी टीम पहुंची।
जांच में पता चला कि जनरेटर बोगी के पहियों के ब्रेक शू जाम हो जाने से पहियों से चिंगारी निकल रही थीं। स्टेशन अधीक्षक डीके गुप्ता ने बताया कि ब्रेक ब्लॉक बाइडिंग के चलते ट्रेन रोकी गई थी। फॉल्ट ठीक होने के बाद ट्रेन देर रात 1:40 बजे रवाना कर दी गई थी।