महर्षि दयानंद यूनिवर्सिटी (एमडीयू) से संबद्ध कॉलेजों के स्नातक अंतिम वर्ष के छात्रों को रिजल्ट के लिए और इंतजार करना पड़ेगा। रिजल्ट नहीं आने से छात्र परेशान हैं। रिजल्ट में देरी की वजह से वे एमडीयू समेत अन्य कॉलेज व यूनिवर्सिटी में आवेदन नहीं कर पा रहे हैं।
रिजल्ट तैयार करने में प्रैक्टिकल अंक अपलोड करने के लिए बनी वेबसाइट बाधा बन रही है। एमडीयू से संबद्ध करीब दो दर्जन कॉलेजों के हजारों छात्रों का रिजल्ट अब तक अपडेट नहीं हुआ है।
जिसकी वजह से अब एमडीयू ने अपलोड करने की तारीख बढ़ा दी है। दरअसल, एमडीयू में एक साथ दो सेमेस्टर की प्रैक्टिकल परीक्षा सम सेमेस्टर में ली जाती है। इस बार छात्रों की लिखित परीक्षा के बाद प्रायोगिक परीक्षा ली गई।
प्रायोगिक परीक्षा के अंक कॉलेजों द्वारा ऑनलाइन पोर्टल पर चढ़ाया जाता है, लेकिन पोर्टल में तकनीकी खराबी की वजह से शिक्षक परेशान हैं। नियमानुसार साइंस ऑनर्स विषय के दो सेमेस्टर में 50-50 अंक के अलग-अलग विषय की प्रायोगिक परीक्षा होती है। जिसमें अलग-अलग अंक दिए जाते हैं, लेकिन पोर्टल में अलग-अलग अंक अपलोड करने का विकल्प नहीं दिया जा रहा है।
पोर्टल में सीधे 100 अंक दिया जा रहा है। कई विषयों में 200 अंक की बजाय 300 अंक के कॉलम हैं। जिसकी वजह से रिजल्ट अपलोड नहीं हो रहा है। कॉलेजों की ओर से एमडीयू को इस बाबत लिखित शिकायत भेजी गई है।
एमडीयू ने बढ़ाई अपलोड करने की तारीख
एमडीयू की ओर से प्रैक्टिकल अंक अपलोड करने के लिए पहले 20 जून तक का समय दिया गया था, लेकिन अब यूनिवर्सिटी ने इसे बढ़ाकर 30 जून कर दिया है। एमडीयू के परीक्षा नियंत्रक डॉ. बीएस सिंधु ने कहा कि कॉलेजों की शिकायत पर सभी कॉलेजों से प्रैक्टिकल में दिए गए अंक की हार्डकॉपी भी मंगाई गई है।