दिल्ली विश्वविद्यालय में अब यूजी स्तर पर सात नए बीए वोकेशनल कोर्सेज के लिए दाखिले की दौड़ शुरू हो रही है। जुलाई में डीयू की एसी व ईसी से इन कोर्सेज को मंजूरी मिलने के बाद बीते सप्ताह यूजीसी ने भी इन्हें शुरू करने की हरी झंडी दे दी।
तीन सितंबर से इन कोर्सेज के लिए ऑनलाइन दाखिला प्रक्रिया शुरू होगी। इसके लिए सबसे पहले छात्रों को डीयू दाखिला पोर्टल पर 10 सितंबर तक ऑनलाइन पंजीकरण कराना होगा।
डीयू में मौजूदा शैक्षणिक सत्र से चार कॉलेजों में नए वोकेशनल कोर्स शुरू किए जा रहे हैं। इसमें छह कोर्सेज स्नातक स्तर के हैं, जबकि एक कोर्स वोकेशनल व एडवांस डिप्लोमा का है।
डीन स्टूडेंट वेलफेयर प्रो. जे.एम खुराना के अनुसार, इन कोर्सेज में दाखिले के लिए शनिवार से ऑनलाइन पंजीकरण सुबह 10 बजे से 10 सितंबर शाम 6 बजे तक चलेगा। दाखिले के लिए छात्रों को डीयू दाखिला पोर्टल www.du.ac.in पर पंजीकरण कराना होगा।
श्रेणी के अनुसार पंजीकरण शुल्क
सामान्य व ओबीसी श्रेणी के छात्रों को पंजीकरण शुल्क 100 रुपये का भुगतान करना होगा। एससी-एसटी व पीडब्ल्यूडी को 50 रुपये चुकाने होंगे। कश्मीरी विस्थापितों व शहीद सैनिकों के बच्चों को इसका भुगतान नहीं करना पड़ेगा। बता दें कि प्रत्येक कोर्स के लिए 50-50 सीटें तय की गई हैं। पहले दो मेरिट से सीटें भरी जाएंगी। सीटें खाली रहने पर दोबारा अधिसूचना जारी होगी।
दाखिला शेड्यूल
कॉलेज पहली मेरिट लिस्ट जारी करेंगे 14 सितंबर शाम पांच बजे
दस्तावेजों की जांच के बाद दाखिले 15-16 सितंबर (9.30 से दोपहर 2 बजे)
दूसरी मेरिट लिस्ट 17 सितंबर (शाम पांच बजे)
दस्तावेजों की जांच के बाद दाखिले 19-20 सितंबर (9.30 से दोपहर 2 बजे)
खाली सीटों की जानकारी (खाली रहने पर) 21 सितंबर
खाली सीटों पर दाखिले 22-23 सितंबर