दिल्ली विश्वविद्यालय में वेलेंटाइन डे से पहले नॉर्थ कैंपस स्थित आर्ट्स फैकल्टी में सोमवार को लव विदाउट फीयर प्रोग्राम आयोजित किया गया। छात्र संगठन आइसा की ओर से वेलेंटाइन डे को केंद्र में रखते हुए आयोजित इस कार्यक्रम में 400 से ज्यादा छात्र-छात्राओं व शिक्षकों ने हिस्सा लिया।
यह कार्यक्रम कैंपस में और उसके बाहर महिलाओं की आजादी पर जो हमले किए जा रहे हैं उसे लेकर था। कार्यक्रम में हिंदी के प्रोफेसर अपूर्वानंद ने कहा कि जो आज इन बैरीकेड्स के अंदर प्यार के बारे में बोल रहा है उसे समझना चाहिए कि प्यार, जाति और पितृसत्ता की सभी सीमाओं को तोड़ता है।
कार्यक्रम में कवि व लेखक अखिल कत्याल ने अपनी कविताओं से समां बांधा। डीयू आइसा की अध्यक्ष कंवलप्रीत ने कहा कि बड़े संस्थानों में प्यार करने व दोस्त बनाने की जो आजादी छीनी जा रही है यह कार्यक्रम उसी के लिए आयोजित किया गया। इस सभा का मुख्य उद्देश्य प्यार को लेकर जो रोक लगाई जाती है उसका विरोध करना है।