चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय (सीसीएसयू) की ओर से बृहस्पतिवार को दूसरी संशोधित कटऑफ लिस्ट जारी कर दी गई। देरी से जारी होने के कारण कॉलेज सूची चस्पा नहीं कर पाए।
शुक्रवार को इसे चस्पा कर दिया जाएगा। इस कटऑफ के आधार पर 15 और 16 जुलाई को दाखिल लिए जाएंगे। हालांकि जिन छात्रों के दाखिले इससे पहले जारी हुई दूसरी कटऑफ से हो गए थे, उन पर अभी संशय बना हुआ है।
सीसीएसयू की ओर से दो बार पहली कटऑफ जारी की गई थी और अब दूसरी कटऑफ भी दो बार ही जारी की है। इससे दाखिला लेने वाले छात्र-छात्राएं उलझन में रहे हैं।
दूसरी कटऑफ 9 जुलाई को जारी हुई थी। छुट्टी होने के कारण इसके आधार पर 11 और 12 जुलाई को दाखिले हुए और उसी दिन शाम को ही दूसरी कटऑफ वापस ले ली गई। इस बीच जो छात्र दाखिला ले चुके हैं, उन पर संशय बना हुआ है कि उनका दाखिला मान्य होगा या नहीं।
नोएडा डिग्री कॉलेज की प्राचार्य डॉ. मंजू शर्मा का कहना है कि शुक्रवार को कटऑफ लिस्ट नोटिस बोर्ड पर चस्पा कर दी जाएगी। उसके बाद ही पता चलेगा कि जो दाखिले हो चुके हैं, उनका क्या किया जाएगा। शुक्रवार को ही छात्रों को इसकी जानकारी दे दी जाएगी।