कॉलेजों में आने वाली समस्या छात्र हेल्पलाइन नंबर पर दूर कर रहे हैं। उच्चतर शिक्षा विभाग की हेल्पलाइन नंबर 18001802117 पर हर दिन 60 से 80 कॉल आ रहे हैं।
छात्रों को सबसे अधिक कंफ्यूजन कटऑफ, सब्जेक्ट कॉम्बिनेशन और कॉलेज ट्रांसफर को लेकर है। गुड़गांव के अलावा दिल्ली और अन्य शहरों के छात्र भी कॉल करके अपना कंफ्यूजन दूर कर रहे हैं।
बता दें कि पांच जून से ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया के साथ यह सुविधा शुरू की गई थी। तीस प्वाइंट वाले हेल्पलाइन नंबर पर सभी कॉलेजों का डाटा मौजूद है। यहां पर कई अभिभावक कॉल करके छात्र रुचि के अनुसार कॉलेज और कोर्स की भी जानकारी ले रहे हैं। यहां पर अभिभावकों को कोर्स की जानकारी के साथ दूसरे विकल्प भी बताए जा रहे हैं।
एक काउंसलर ने बताया छात्र डीयू और एमडीयू के पैटर्न को लेकर असमंजस में है। वे पूछते हैं कि क्या डीयू की तरह हरियाणा के कॉलेजों में भी टॉप-4 के आधार पर मेरिट लिस्ट आएगी?
गौरतलब है कि यूनिवर्सिटी से कॉलेजों में मेरिट लिस्ट के लिए अभी स्पष्टीकरण मांगा गया है। जिसमें टॉप-5 को प्राथमिकता मिलने की संभावना है। छात्रों का रूझान बीकॉम और बीकॉम ऑनर्स के अंतर को समझने में भी दिखा। वे 12वीं में गणित के बिना क्या एडमिशन मिल पाएगा, इस पर भी सवाल पूछ रहे हैं।
वहीं, कॉमर्स के साथ सब्जेक्ट कॉम्बिनेशन और फिजिकल एजुकेशन के साथ क्या-क्या विकल्प मिल सकता है। इस बारे में काउंसलर कहती है कि छात्रों के लिए एक कॉलेज में 33 कॉम्बिनेशन मौजूद हैं।
इसे कोर्स के हिसाब से ऑनलाइन ही डाला गया है। फिजिकल एजुकेशन केवल उन्हीं छात्रों को मिलेगी, जिन्होंने 12वीं में फिजिकल एजुकेशन पढ़ा हो या खेल में मेडल हासिल की हो। इसी तरह के अन्य सवाल हर दिन छात्र कॉल करके पूछ रहे हैं।