दिल्ली विश्वविद्यालय में शुक्रवार से खेल कोटे व ईसीए (एक्सट्रा करिकुलर एक्टिविटी) कोटे के दाखिले शुरू हो रहे हैं। खेल कोटे के दाखिलों के लिए कॉलेजों में दस्तावेजों की जांच व दाखिला मंजूर प्रक्रिया शुरू होगी।
सुबह की पाली वाले कॉलेजों में यह प्रक्रिया सुबह 9 बजे से एक बजे तक चलेगी, जबकि सांध्यकालीन कॉलेजों में शाम चार बजे से शाम सात बजे तक चलेगी। ईसीए कोटे से दाखिले के लिए प्रारंभिक ट्रायल होंगे। ईसीए कोटे से दाखिले के लिए भारतीय शास्त्रीय नृत्य व गायन के प्रारंभिक ट्रायल होने हैं जबकि थिएटर व वाद-विवाद के लिए भी ट्रायल लिए जाएंगे।
ईसीए ट्रायल के लिए छात्रों को पंजीकरण फॉर्म की कॉपी व फोटोग्राफ लेकर जाना होगा। उल्लेखनीय है कि प्रारंभिक व फाइनल ट्रायल की प्रक्रिया 18 जुलाई तक चलेगी। वहीं ईद के अवकाश में बदलाव के चलते ईसीए ट्रायल की तिथि में बदलाव किया गया था। सात जुलाई को नृत्य, गायन के ट्रायल तय थे लेकिन अवकाश के चलते शेड्यूल बदला गया।
इस बदलाव की सूचना डीयू वेबसाइट पर जारी कर दी गई थी बावजूद कुछ छात्रों के ट्रायल देने के लिए कॉलेज में पहुंचने की सूचना है।