दिल्ली विश्वविद्यालय में शैक्षणिक सत्र 2016-17 में जून से शुरू हुई दाखिले की दौड़ अंतिम चरण में पहुंच गई है। कॉलेजों ने दाखिले के लिए मेरिट लिस्ट के दाखिले के दूसरे चरण की दूसरी लिस्ट जारी कर दी है।
डीयू प्रशासन के तय शेड्यूल के मुताबिक यह आखिरी लिस्ट है। इसके बाद कॉलेजों में दाखिले नहीं होंगे। इस लिस्ट के बाद भी सीटें बचने पर दाखिले जारी रहेंगे या बंद हो जाएंगे, इस पर अभी अधिकारी कुछ भी कहने से बच रहे हैं।
दूसरी लिस्ट के आधार पर शनिवार व मंगलवार को दाखिला लिया जा सकेगा। इस लिस्ट के आधार पर सामान्य की तुलना में आरक्षित श्रेणियों के लिए अधिक विकल्प हैं।
दिल्ली विश्वविद्यालय के कॉलेजों में दूसरे दौर की काफी सीटें बचीं थीं। इसके लिए पहली मेरिट लिस्ट के आधार पर खूब दाखिले हुए। कॉलेज प्रिंसिपल कह रहे हैं कि अब छात्रों के पास सीमित विकल्प है। आखिरी लिस्ट होने के कारण अब छात्र दाखिला रद्द कराने का जोखिम नहीं लेंगे। इससे सीटें खाली रहने की उम्मीद कम है।
कॉलेजों की ओर से जारी मेरिट लिस्ट पर नजर डालें तो लक्ष्मीबाई कॉलेज में बीकॉम पास के लिए सामान्य श्रेणी के 93.25 से लेकर 90 फीसदी वाले 28 छात्रों को दाखिले के लिए बुलाया गया है, जबकि बीएससी मैथमेटिक्स में सामान्य श्रेणी के 92.75-87 फीसदी वाले 23 छात्रों को मेरिट में जगह दी गई है।
संस्कृत ऑनर्स में सामान्य के लिए 68-64.5 फीसदी वाले चार छात्रों को दाखिले के लिए बुलाया गया है। बाकी कोर्स में आरक्षित श्रेणियों के लिए ही दाखिले का मौका है।
हंसराज कॉलेज में भी साइंस व आर्ट्स-कॉमर्स कोर्सेज के लिए जो दूसरी मेरिट निकाली गई है वह आरक्षित श्रेणियों के लिए ही है। किरोड़ीमल कॉलेज ने दूसरी मेरिट लिस्ट में अंग्रेजी ऑनर्स के लिए सामान्य श्रेणी के 96 से 94.25 फीसदी वाले पांच छात्रों को दाखिले के लिए बुलाया है, जबकि बीए हिंदी, बीए संस्कृत, बीए राजनीति शास्त्र, बीए इतिहास, बीकॉम ऑनर्स, बीकॉम में ओबीसी छात्रों की मेरिट निकाली गई है। इन कोर्सेज में एक-दो सीटों के लिए अन्य आरक्षित श्रेणियों के लिए भी मेरिट निकाली गई है।