केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) की ओर से रविवार को गुड़गांव में केंद्रीय शिक्षक पात्रता परीक्षा (सीटेट) हुई। दो पाली में 38 परीक्षा केंद्रों पर करीब 15 हजार छात्रों ने परीक्षा दी।
ऑल इंडिया प्री-मेडिकल टेस्ट (एआईपीएमटी) की तरह सीटेट परीक्षा में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किये गये। घड़ी, धूप के चश्मे और पेन, पेंसिल समेत अन्य सामान को परीक्षा केंद्र में ले जाने की अनुमति नहीं दी गई। परीक्षा में कलम भी छात्रों को बोर्ड की ओर से दिया गया।
सीबीएसई की ओर से आयोजित इस परीक्षा में अधिक सावधानी बरती गई। गुड़गांव में दूसरे जिले के छात्रों के परीक्षा केंद्र दिए गए थे। छात्रों को परीक्षा से 90 मिनट पहले पहुंचने का आदेश दिया गया था।
परीक्षा शुरू होने के बाद किसी भी छात्र को प्रवेश नहीं दिया गया। जिससे सेक्टर-15 और 14 के परीक्षा केंद्र पर करीब एक दर्जन छात्रों की परीक्षा छूट गई।
पहले चरण की परीक्षा में पेपर-2 और पहली पाली में पेपर-1 की परीक्षा हुई। छात्रों के मुताबिक चाइल्ड साइकोलॉजी विषय से अधिक कठिन सवाल थे, जबकि भाषा और विषय का सवाल औसत रहा।