दिल्ली विवि के स्कूल ऑफ ओपन लर्निंग (एसओएल) के स्नातक कोर्सेज के रिजल्ट अब तक जारी न होने के कारण छात्रों के सामने परेशानी खड़ी हो गई है।
रिजल्ट जारी न होने के कारण वह स्नातकोत्तर कोर्सेज में दाखिला नहीं ले पा रहे हैं। दरअसल, स्नातकोत्तर कोर्सेज में दाखिले के लिए अंतिम वर्ष का रिजल्ट होना अनिवार्य है।
ऐसे में क्रांतिकारी युवा संगठन (केवाईएस) के नेतृत्व में छात्रों ने एसओएल प्रशासन के खिलाफ एसओएल बिल्डिंग के बाहर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान छात्रों का कहना रहा कि हर साल देरी से रिजल्ट जारी होने के कारण उनका एक साल खराब हो डाता है।
जिस समय एसओएल में पढ़ने वाले अंतिम वर्ष के छात्रों का रिजल्ट आता है, तब तक डीयू के रेगुलर स्नातकोत्तर कोर्सेज जैसे एम.ए-एम.कॉम, लॉ, बी.एड में दाखिला प्रक्रिया समाप्त हो चुकी होती है।
एसओएल के स्नातकोत्तर कोर्सेज में भी वह दाखिला नहीं ले पाते हैं क्योंकि जब तक परिणाम घोषित होते है, तब तक एसओएल के स्नातकोत्तर कोर्सेज की दाखिला प्रक्रिया भी समाप्त हो जाती है।
इस संबंध में छात्रों ने एक ज्ञापन भी दिया जिसमें उन्होंने मांग रखी कि एसओएल के सभी कोर्सेज के छात्रों के परिणाम जल्द-से-जल्द से घोषित किए जाएं। जब तक तृतीय वर्ष के एसओएल छात्रों का परीक्षा परिणाम नहीं घोषित किया जाता तब तक एसओएल के विभिन्न कोर्सेज में दाखिला प्रक्रिया जारी रखी जाए।
छात्रों के रिजल्ट की अनुपलब्धता की स्थिति में छात्रों को प्रोविजनल एडमिशन दिया जाए। केवाईएस ने स्पष्ट किया है कि यदि उनकी मांगों पर कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन किया जाएगा।