नगर के मिहिर भोज डिग्री कॉलेज के बीएससी प्रथम वर्ष का परीक्षाफल खराब आने पर छात्रों ने सोमवार को एकत्र होकर कॉलेज गेट पर हंगामा किया। कापियों को दोबारा जांचने की मांग करते हुए प्रधानाचार्य को ज्ञापन सौंपा।
छात्र सोमवार को मिहिर भोज कॉलेज के बीएससी प्रथम वर्ष के छात्र संघ के कार्यालय पर एकत्र हुए और बीएसी प्रथम वर्ष 2017 का परीक्षाफल खराब आने को लेकर विरोध जताया। छात्र संघ के अध्यक्ष सचिन भाटी ने बताया कि बीएससी प्रथम वर्ष का रिजल्ट बीते 15 जून को विश्वविद्यालय ने इंटरनेट पर जारी किया है, जिससे कॉलेज के छात्र व छात्राएं संतुष्ट नहीं हैं।
कॉलेज के 90 फीसदी छात्र व छात्राएं फेल हैं। सोमवार को सभी छात्र-छात्राएं एकत्र होकर छात्र संघ नेताओं के साथ कॉलेज प्राचार्य के कार्यालय पहुंचे और कापियों को दोबारा जांचने की मांग करते हुए प्राचार्य को ज्ञापन सौंपा।
प्रधानाचार्य ने छात्रों की मांगों के ज्ञापन को विश्वविद्यालय के कुलपति को भेजने का आश्वासन देते हुए उन्हे शांत किया। इस मौके पर रविंद्र भाटी, कनिष्का भाटी, राहुल तोंगड़, ललित सिसौदिया, सुशील, दीपक नागर, मोहित भाटी सहित छात्र व छात्राएं मौजूद रहे।