केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड से नेट परीक्षा की ओएमआर शीट की फोटोकॉपी ली जा सकती है। दरअसल, जुलाई-अगस्त में हुई नेट परीक्षा का रिजल्ट बीते सप्ताह ही जारी किया गया है। जिसके बाद अब आवेदकों को ओएमआर शीट की फोटोकॉपी व केलकुलेशन शीट उपलब्ध कराने की सुविधा दी गई है।
फोटोकॉपी लिए आवेदक को 22 दिसंबर तक आवेदन करना होगा। इस तिथि के बाद आवेदन को स्वीकार नहीं किया जाएगा। सीबीएसई ने साफ किया है कि जो उम्मीदवार केलकुलेशन के साथ ओएमआर शीट की फोटो कॉपी प्राप्त करना चाहते हैं उन्हें 500 रुपये के डिमांड ड्रॉफ्ट के साथ आवेदन करना होगा।
जिसमें आवेदक को अपना नाम, रोल नंबर, आवासीय पता लिखना होगा। इसके साथ ही डिमांड ड्रॉफ्ट के पीछे भी उन्हें अपना नाम और रोल नंबर लिख कर भेजना होगा। बोर्ड ने स्पष्ट कर दिया है कि ओएमआर शीट का व्यवसायिक प्रयोग न हो, इसके लिए यह किसी संस्थान व स्कूल को उपलब्ध नहीं कराई जाएगी।
आवेदनकर्ता की तरफ से कोई अन्य व्यक्ति के आवेदन करने पर आवेदन रद्द कर दिया जाएगा। सीबीएसई स्पीड पोस्ट से ओएमआर शीट व केलकुलेशन शीट छात्रों को भेजेगा।