लगातार सामने आ रहे रैगिंग के मामलों के मद्देनजर एकेटीयू ने खुद ही एंटी रैगिंग अनुश्रवण समिति का गठन किया है, जिसमें एक अध्यक्ष समेत चार सदस्य बनाए गए हैं।
वहीं, कॉलेजों को भी एंटी रैगिंग समिति और एंटी रैगिंग स्क्वायड बनाने के निर्देश दिए हैं। एंटी रैगिंग समिति से कोई भी पीड़ित छात्र दोनों स्तरों पर अपनी शिकायत दे सकता है। वहीं, रैगिंग रोकने का कार्य स्क्वायड करेगी।
डॉ. अब्दुल कलाम प्रावधिक विश्वविद्यालय द्वारा गठित एंटी रैगिंग अनुश्रवण समिति कॉलेजों में औचक निरीक्षण करेगी और वहां छात्रों से बातचीत करेगी वहीं रैगिंग रोकने के लिए बनाई प्रबंधन की व्यवस्था देखेगी।
समिति की अध्यक्षता एकेटीयू के प्रोफेसर जगवीर सिंह, फैकल्टी ऑफ आर्किटेक्चर को बनाया गया है। इनके निर्देशन में प्रोफेसर नीलम श्रीवास्तव आईटी लखनऊ, प्रोफेसर एके सोलंकी बीआईईटी झांसी, प्रोफेसर एके सक्सेना केएनआईटी सुल्तानपुर, डॉ. एसएस सोम उप परीक्षा नियंत्रक एकेटीयू इसके सदस्य होंगे।
वहीं, विश्वविद्यालय के कुलसचिव पीके गंगवार ने एआईसीटीई का नोटिफिकेशन जारी करते हुए प्रत्येक विश्वविद्यालय, कॉलेज और डीम्ड यूनिवर्सिटी में भी एंटी रैगिंग समिति जल्द बनाने के निर्देश दिए हैं। यह समिति कॉलेज/विवि के प्रमुख की अध्यक्षता में गठित होगी। जिसमें पुलिस, आम जनता, लोकल मीडिया, गैर सरकारी समितियां, वरिष्ठ छात्र, नव प्रवेशी छात्र, अभिभावक, फैकेल्टी मेंबर (महिला-पुरुष) होने चाहिएं।