जवाहर लाल नेहरू विश्वविद्यालय में छात्रसंघ अध्यक्ष सहित पांच अन्य छात्रों के भविष्य पर संकट के बादल छा गए हैं। दरअसल जेएनयू में सेमेस्टर पंजीकरण करने की अंतिम तिथि बुधवार को समाप्त हो गई।
इस सेमेस्टर पंजीकरण में छात्र संघ अध्यक्ष सहित पांच अन्य छात्रों को नए सेमेस्टर में पंजीकरण नहीं मिला है। छात्र संघ अध्यक्ष मोहित पांडे के मुताबिक यदि हमें सेमेस्टर पंजीकरण नहीं मिलता है तो हमारे बीते सालों के शैक्षणिक कार्य व्यर्थ चले जाएंगे।
उन्होंने जेएनयू प्रशासन पर आरोप लगाया है कि ऐसा करके उन्हें कैंपस से बाहर निकालने का प्रयास किया जा रहा है। जेएनयू छात्र संघ अध्यक्ष मोहित पांडे के मुताबिक वह साढ़े तीन साल की पढ़ाई को पूरा कर चुके हैं।
दरअसल कुछ छात्रों पर विवि ने विभिन्न मामलों में 10-20 हजार का जुर्माना लगाया था। साथ ही पंजीकरण ब्लॉक कर दिया था। कुछ छात्रों ने जुर्माने को भरकर पंजीकरण करवा लिया। छात्र संघ अध्यक्ष ने जुर्माना देने से मना कर दिया। उन पर दो एफआईआर समेत छ: जांच चल रही है। यदि जुर्माने को देखा जाए तो सब मिलाकर एक लाख रुपये से अधिक का दंड देना पड़ सकता है।