सीसीएसयू से संबद्ध सेल्फ फाइनेंस कॉलेजों में छात्र इस बार प्रोफेशनल कोर्स से दूरी बना रहे हैं, जबकि पारंपरिक कोर्स को ज्यादा पसंद कर रहे हैं। इस बार बीबीए को छात्रों ने कैरियर बनाने के लिए चुना है।
सीसीएसयू की ओर से सेल्फ फाइनेंस कॉलेजों के लिए दो कट ऑफ जारी कर दी गई हैं। इनमें बीए और बीबीए को अधिक पसंद किया गया है। अभी तक करीब 1500 छात्रों ने बीबीए और करीब एक हजार छात्रों ने बीए को चुना है।
यूनिवर्सिटी प्रशासन का कहना है कि दोनों ही पाठ्यक्रमों को पसंद किया जा रहा है। अभी दो मेरिट लिस्ट जारी की गई हैं। जल्द ही तीसरी मेरिट जारी की जाएगी, उसमें दोनों के बराबर पहुंचने की उम्मीद है।
बैक परीक्षा फॉर्म भरने का आज अंतिम दिन
सीसीएसयू ने प्रोफेशनल कोर्स के फेल छात्रों को इस बार बैक परीक्षा देने का मौका दिया है। इन पाठ्यक्रम के छात्र-छात्राओं को भी पारंपरिक कोर्स के साथ बृहस्पतिवार को बैक परीक्षा फॉर्म भरने का मौका दिया है।
दरअसल, यूनिवर्सिटी की ओर से बैक परीक्षा फॉर्म भरने की अंतिम तारीख आठ सितंबर रखी गई है और अब प्रोफेशनल कोर्स के छात्र-छात्राओं को भी इस परीक्षा में शामिल कर लिया है और उनको बृहस्पतिवार तक का समय दिया गया है, ताकि वह अपने परीक्षा फॉर्म भर सकें।