अंकल, कभी सोचा भी नहीं था कि सरकारी स्कूल में शिक्षा ग्रहण करते समय केक काटकर जन्म दिन मनाएंगे। राजकीय माध्यमिक विद्यालय नावली में स्कूल में शिक्षा ग्रहण करने वाली 11 छात्राओं का जन्म दिन केक काटकर मनाया।
उससे छात्राएं ही नहीं बल्कि अभिभावक भी खुश हैं। बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान के तहत सरकारी स्कूलों में बेटियों का जन्म दिन मनाया जा रहा है।
फर्क इतना है कि कुछ स्कूलों में बेहतरीन तरीके से छात्राओं का जन्म दिन मनाया जाता है। राजकीय माध्यमिक विद्यालय नावली के हैड टीचर नौशाद अली ने गांव के पूर्व सरपंच अलीमोहम्मद की अध्यक्षता में सितंबर माह में जन्मी व स्कूल में शिक्षा ग्रहण करने वाली 11 छात्राओं का जन्म दिन मनाया। इसके गवाह बने गांव के काफी गणमान्य व्यक्ति।
इन बेटियों के जन्म दिन मनाने के लिए विशेष रूप से केक बनवाया गया। जिस पर बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ लिखा हुआ था। इन सभी 11 छात्राओं ने केक काटकर अपने साथ शिक्षा ग्रहण करने वाली छात्राओं का केक से मुंह मीठा करवाया तो स्कूल का नजारा देखने लायक था।
सभी छात्राओं ने इनको गले लगाकर इनको जन्म दिन की शुभकामनाएं दी तो उनके अभिभावकों एवं अध्यापकों ने उनके सफल जीवन की कामना की।
इस अवसर पर स्कूल के अध्यापक व गांव के मौजिज लोग मौजूद थे। केक काटते समय अनायास ही एक छात्रा के मुंह से निल ही पड़ा कि कभी सोचा भी नहीं था कि इस तरह से केक काटकर जन्म दिन मनाएंगें। गांव में रहने पर सुना केक होता है लेकिन आज देखा पहली बार है कि केक ऐसा होता है।
पूर्व सरपंच अली मोहम्मद ने कहा कि इस तरह की अनूठी योजना से मेवात के लोग अपनी बेटियों को ज्यादा से
ज्यादा शिक्षित करेंगें। शिक्षा विभाग की सयुंक्त निदेशक मीनाक्षीराज गोयल का उन्होंने विशेष रूप से आभार व्यक्त किया।