कोर्स पूरा करने के बाद सिक्योरिटी मनी के लिए रोज-रोज परेशान होने वाले छात्रों की समस्या अब अगले सत्र से दूर हो जाएगी। अब सिक्योरिटी मनी लास्ट सेमेस्टर में ही कॉलेजों को समायोजित करनी होगी, जिससे छात्र-छात्राओं की समस्या का समाधान हो जाएगा।
यूनिवर्सिटी के इस कदम से सैकड़ों कॉलेजों को हर साल होने वाली मोटी कमाई नहीं हो पाएगी। दरअसल, प्रदेश के सभी निजी कॉलेजों में दाखिला लेने के दौरान छात्र-छात्राओं से 5 हजार से लेकर 15 हजार रुपये तक सिक्योरिटी मनी जमा कराई जाती है।
जब छात्र-छात्राएं कोर्स पूरा कर लेते हैं तो किसी न किसी बहाने से कॉलेज प्रशासन विद्यार्थियों की सिक्योरिटी मनी को देने में आनाकानी करते हैं। इससे दूर दराज के रहने वाले सैकड़ों छात्र-छात्राओं के हर वर्ष लाखों रुपये कॉलेजों के खाते में ही रह जाते हैं।
इससे कॉलेज प्रबंध हर वर्ष लाखों रुपये की आमदनी करते हैं। मगर अब इस बात को छात्र-छात्राओं ने यूनिवर्सिटी के समक्ष उठाया है तो इसका हल भी निकाल लिया गया है। अब अगले सत्र से छात्र-छात्राओं की सिक्योरिटी मनी को फीस में ही एडजस्ट कर दिया जाएगा।
कॉलेजों द्वारा छात्र-छात्राओं को सिक्योरिटी मनी वापस करने में परेशान करने की शिकायतें मिली थीं। उन्हीं को संज्ञान में लेकर नियम बनाया गया है। नए सत्र से सभी छात्र-छात्राओं की सिक्योरिटी मनी को कोर्स के अंतिम सेमेस्टर की फीस में समायोजित कराया जाएगा। इससे छात्रों की समस्या दूर हो जाएगी।- प्रो. विनय कुमार पाठक, कुलपति एकेटीयू