शहर के सेक्टर-16 स्थित महिला कॉलेज में साइंस ब्लॉक अगले सत्र में शुरू हो जाएगा। इसके बाद छात्राओं को साइंस की पढ़ाई के प्रति अलग से माहौल मिल जाएगा। इसके लिए कॉलेज कैंपस में साइंस ब्लॉक का निर्माण कार्य चल रहा है। साइंस ब्लॉक बनने के बाद छात्राओं की कक्षाएं भी यहीं पर लगेंगी।
राज्य सरकार एवं उच्च शिक्षा विभाग ने छात्राओं में विज्ञान के प्रति रुचि बढ़ाने के लिए साइंस ब्लॉक निर्माण को हरी झंडी दी थी। कॉलेज में करीब 250 छात्राओं की संख्या है, जिन्हें प्रैक्टिकल कार्य के दौरान कई तरह की समस्या होती है।
कक्ष की कमी के कारण विज्ञान विषय की पढ़ाई में परेशानी झेलनी पड़ती है। इसके बनने के बाद छात्रों को तकनीक से जोड़ने के लिए अलग से कंप्यूटर लैब का निर्माण किया जाएगा ताकि सरकार के प्रमुख डिजिटल इंडिया अभियान को गति मिल सके। मैथ्स की छात्राएं भी लैब में अपना कार्य कर सकेंगी।
साइंस ब्लॉक बनेगा पहचान
शहर के एकमात्र महिला सरकारी कॉलेज में बनने जा रहा साइंस ब्लॉक आने वाले समय में एक पहचान बनकर सामने आएगा। माना जा रहा है कि अगले सत्र में शुरू होने के बाद छात्राओं की संख्या में बढ़ोतरी होने की उम्मीद व्यक्त की जा रही है। वहीं इसके निर्माण से विज्ञान के प्रति अन्य छात्राओं का रुझान ओर बढ़ेगा।
साइंस ब्लॉक अगले सत्र में शुरू हो जाएगा। छात्राओं को विज्ञान की पढ़ाई के प्रति बेहतरीन माहौल मिलेगा। छात्राओं में विज्ञान के प्रति रुचि देखने को मिल रही है। कंप्यूटर लैब के निर्माण से डिजिटल इंडिया अभियान को गति मिलेगी। - गीता, हेड ऑफ साइंस डिपार्टमेंट, महिला कॉलेज सेक्टर 16