निजी स्कूलों में नर्सरी दाखिले की दस्तक के साथ स्कूलों की मनमानी शुरू हो गई है। दरअसल, शिक्षा निदेशालय के निर्देशों का उल्लंघन करते हुए कुछ स्कूलों ने अपर एज लिमिट तय कर दी है।
जबकि निदेशालय ने बीते साल की एज लिमिट के आधार पर दाखिले देने की बात कही है। इस मनमानी को लेकर अभिभावकों ने निदेशालय को शिकायत भी भेजी है। बता दें कि, शिक्षा निदेशालय ने अपर एज लिमिट को अगले साल से लागू करने का फैसला किया है।
गाइडलाइन में इस साल नर्सरी, केजी और कक्षा-एक के लिए न्यूनतम आयु क्रमश: तीन, चार व पांच वर्ष तय है। एडमिशन नर्सरी डॉट कॉम के प्रमुख सुमित वोहरा ने बताया कि राजौरी गार्डन स्थित कैम्ब्रिज स्कूल, लाजपत नगर स्थित फ्रैंक एंथेनी, द्वारका स्थित ए.न.के बगरोडिया, सेंट फ्रांसिस, अशोक विहार स्थित मोनफोर्ट, श्री वेंकटेश्वर इंटरनेशनल स्कूल ने अपर एज लिमिट तय कर दी है।
फ्रैंक एंथेनी ने नर्सरी दाखिले के लिए अधिकतम उम्र करीब साढ़े तीन साल, कैंब्रिज स्कूल ने अधिकतम उम्र सीमा छह वर्ष से कम तय कर दी है। उन्होंने कहा कि जब शिक्षा निदेशालय ने अपर एज लिमिट (अधिकतम आयु सीमा) अगले साल (शैक्षणिक सत्र 2019-20) लागू करने का फैसला किया तो अभिभावक खुश थे।
लेकिन अब जैसे-जैसे स्कूल अपने क्राइटेरिया व नियम जारी कर रहे हैं अभिभावक परेशान हो रहे हैं। अभिभावकों का कहना है कि जब स्कूल नियमों की अनदेखी कर रहे हैं तो निदेशालय का क्या फायदा है। उनकी गाइडलाइंस मजाक बन कर रह गई हैं।