जिले के अनुसूचित जाति और जनजाति के छात्र-छात्राओं को रोजगार के अवसर मुहैया करने के लिए मोबाइल रिपेयरिंग करने का चार माह का प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षण के बाद अभ्यर्थी को पांच हजार रुपये मानदेय भी मिलेंगे।
जिला उद्योग केंद्र के सहायक आयुक्त जीपी गोस्वामी ने बताया कि प्रदेश में अनुसूचित जाति व अनुसूचित जन जाति के व्यक्तियों को स्वरोजगार के लिए उद्योग निदेशालय कानपुर की तरफ से कौशल विकास (तकनीकी) बढ़ाने के लिए चार माह का एक सामूहिक प्रशिक्षण कार्यक्रम चलाया जाएगा।
इस योजना के तहत जनपद की स्थानीय जरूरतों व रोजगार संभावनाओं के चलते 36 महिला एवं पुरुषों को मोबाइल रिपेयरिंग एवं सर्विसिंग ट्रेड में चार माह का प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षण के लिए अभ्यर्थी की आयु कम से कम 18 साल होनी चाहिए।
उसकी शैक्षिक योग्यता हाईस्कूल पास हो। प्रशिक्षण के लिए 10 जुलाई तक सूरजपुर स्थित जिला उद्योग केंद्र में आवेदन जमा किए जाएंगे। आने वाले आवेदकों का 11 जुलाई को साक्षात्कार होगा। प्रशिक्षण के बाद अभ्यर्थियों को पांच-पांच हजार रुपये मानदेय दिया जाएगा।