शिक्षा के अभाव व जागरूकता की कमी के चलते मेवात में कई ऐसी अफवाह फैल चुकी हैं। जिनका सच्चाई से कोई सरोकार नहीं है। गत वर्ष नवंबर महीने में अफवाह सामने आई की नमक की कमी हो गई है, और लोगों ने इसकी जमाखोरी शुरू कर दी।
बाजारों में दुकानों के आगे लगे नमक के बैगों को ग्रामीण चोरी कर ले गए। अब मेवात में पिछले एक सप्ताह से मुस्लिम बच्चों को बांझ व नपुंसक बनाने के इंजेक्शन की अफवाह ने खलबली मचाकर रख दी है। जिसका असर बजाय कम होने के बढ़ता ही जा रहा है। आखिर क्यों हम ऐसी बातों पर बिना तहकीकात किए यकीन कर लेते हैं।
इस अफवाह के चलते मेव समुदाय के लोगों ने बच्चों को लगाए जा रहे वैक्सीनेशन से इनकार कर दिया है। इसके पीछे मेव समुदाय में बच्चों को बीमारियों से बचाने के लिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा लगाए जा रहे टीकाकरण से उनके बच्चों को नपुंसक बनाये जाने की अफवाह है।
बीमारियों से बचाने के लिए हो रहा टीकाकरण
- फोटो : अमर उजाला
जबकि यह टीकाकरण बच्चों को होने वाली पोलियो, काली खांसी, तपैदिक, खसरा जैसी बीमारियों से बचाने के लिए लगाया जा रहा है। दरअसल गत सप्ताह पहले क्षेत्र में अफवाह फैली थी की मेव समुदाय के बच्चों को टीकाकरण के जरिये नपुंसक बनाने की योजना सरकार द्वारा चलाई जा रही है।
जिसके बाद यह अफवाह यहां आग की तरह फैल गई। लिहाजा लोग स्वास्थ्य विभाग की टीमों को शक की नजर से देख रहे हैं। शासन-प्रशासन व स्वास्थ्य विभाग का दावा है कि जिले में सरकार द्वार कोई भी ऐसा टीकाकरण अभियान नहीं चलाया जा रहा है।
अगर किसी विद्यालय या ग्रामीण क्षेत्र में इस तरह की कोई गतिविधि असामाजिक तत्व द्वारा की जाती है तो उसकी सूचना प्रशासन को दें। मगर इसके बाद भी लोगों का भ्रम नहीं निकल पा रहा है। स्कूलों में बच्चों की घटती संख्या को लेकर शिक्षक चिंतित हैं, जो ग्रामीणों के साथ मिलकर घर घर जाकर ग्रामीणों को समझाने में लगे हैं।
डॉक्टर समझकर अध्यापकों की कर दी पिटाई
स्कूल जहां फैली थी इंजेक्शन लगाए जाने की अफवाह
- फोटो : अमर उजाला
मेवात में स्कूलों में लगाए जा रहे नसबंदी के इंजेक्शन का मामला थमता नजर नहीं आ रहा है। अह इसके दुष्परिणाम भी सामने आने लगे हैं। पुन्हाना खंड के गांव तिरवाड़ा में दो सरकारी अध्यापकों ग्रामीणों ने डॉक्टर समझकर पीट दिया।
मामले में आरोपियों कि गिरफ्तारी की मांग को लेकर सर्व कर्मचारी संघ, हरियाणा अध्यापक संघ और अतिथि अध्यापक संघ ने मिलकर मंगलवार को पुन्हाना में खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय पर धरना दिया और बाद में पुन्हाना कस्बे की गलियों में प्रदर्शन करते हुए डीएसपी को ज्ञापन सौंपा।
अध्यापक यूनियन के नेताओं ने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर आरोपियों को 24 घंटे में गिरफ्तार नहीं किया गया तो मेवात जिला के सभी खंडों के स्कूल बंद कर दिए जाएंगे।
मस्जिद से किसी ने इंजेक्शन लगाने की फैला दी झूठी अफवाह
इंजेक्शन
- फोटो : डेमो फोटो
वहीं यूनियन के नेताओं इंजेक्शन की अफवाह पर तुरंत प्रभाव से लगाम लगाने की मांग की है। प्रदर्शन करने वालों में सर्व कर्मचारी संध प्रधान तैयब हुसैन, अतिथि अध्यापक संघ के प्रदेश प्रवक्ता सतीश यादव, जिला महासचिव नौशाद, पारस शर्मा, शब्बीर पूर्व प्रधान, शौकत खंड प्रधान, हनीफ खान, शेर मोहम्मद और हसीन सहित सैकड़ों अध्यापक मौजूद थे।
हरियाणा अध्यापक संघ और सर्व कर्मचारी संघ के जिला प्रधान तैयब हुसैन और अतिथि अध्यापक संघ के प्रदेश प्रवक्ता सतीश यादव ने कहा कि जैसे ही इंजेक्शन की अफवाह फैल रही थी तभी प्रशासन को कठोर कदम उठाने चाहिए थे।
उन्होंने कहा कि स्कूलों मे कोई इंजेक्शन नहीं लगाये जा रहे हैं। बेवजह लोग अफवाह के शिकार हो रहे हैं। उन्होंने जिला प्रशासन ने मांग करते हुए कहा कि मेवात जिला के प्रत्येक गांव मे उलमा, सरपंच, नंबरदार, अध्यापक, स्वाथ्य विभाग के डॉक्टरों को मिलकर एक कमेटी बनानी चाहिए जिससे इस अफवाह को रोका जा सके। उनका कहना है कि अगर इस अफवाह को रोका नहीं गया तो बच्चों की परीक्षा पर असर पड़ेगा।
गलतफहमी में हुई अध्यापकों की पिटाई
मारपीट
- फोटो : डेमो पिक
गौरतलब है कि स्कूलों में लड़कों को नपुंसक और लड़कियों को बांझ बनाने के इंजेक्शन दिये जाने की अफवाह के बाद पुन्हाना खंड के गांव तिरवाड़ा के लोगों ने स्कूल के दो अध्यापकों के साथ सोमवार को जमकर पिटाई कर दी। तिरवाड़ा मिडिल स्कूल में संदीप तीन साल और देवराज 6 साल से अपनी सेवाएं दे रहे हैं।
अचानक सोमवार को किसी ने मस्जिद के लाउड स्पीकर से आवाज लगा दी कि गांव के स्कूल में बच्चों को इंजेक्शन लगाने के लिये डॉक्टर आए हुए हैं। करीब 50 लोग स्कूल में घुस आए और बच्चों को पढ़ा रहे अध्यापक संदीप और देवराज सहित कई के साथ मारपिटाई शुरू कर दी।
पुन्हाना के डीएसपी विनोद कुमार ने बताया कि पीड़ित अध्यापक देवराज की शिकायत पर तीन नामजद आरोपियों सहित करीब 50 लोगों के खिलाफ मारपिटाई करने, सरकारी कार्य में बाधा डालने और जान से मारने की धमकी देने का मुकदमा दर्ज कर आरोपियों कि तलाश शुरू कर दी है।