दिल्ली विश्वविद्यालय में रेगुलर कॉलेजों में मेरिट लिस्ट व नॉन कॉलिजिएट वूमेन एजुकेशन बोर्ड (एनसीवेब) में बुधवार को दाखिले शुरू हो गए। पहले चरण में पहली मेरिट लिस्ट में दाखिले को लेकर हुई परेशानी दूसरी चरण के पहली मेरिट में नहीं हुई।
हालांकि मेरिट लिस्ट न देख पाने की शिकायत लेकर छात्र डीन स्टूडेंट वेलफेयर कार्यालय पहुंचते रहे। कॉलेजों से प्राप्त जानकारी के अनुसार पहले दिन कॉलेजों में आरक्षित श्रेणी पर भी दाखिले हुए।
दिल्ली विश्वविद्यालय में विभिन्न कॉलेजों में विभिन्न श्रेणियों के तहत 4 हजार से अधिक सीटें खाली हैं। खासकर आरक्षित श्रेणी के लिए काफी जगह रिक्त हैं। इन सीटों को भरने के लिए बुधवार से दाखिले शुरू हो गए।
कॉलेजों से प्राप्त जानकारी के अनुसार, जहां दाखिले हुए वहीं कुछ जगह पर कुछ कोर्सेज में दाखिले रद्द भी हुए। जिस कारण से संभवत: अगली लिस्ट में फिर से छात्रों के पास दाखिले का विकल्प रहेगा।
प्रिंसिपल का कहना है कि चूंकि बृहस्पतिवार तक दाखिले होने हैं ऐसे में उसी दिन पता चल पाएगा कि अगली लिस्ट के लिए किन-किन कोर्सेज में दाखिले का विकल्प रहेगा।
इसी तरह से बुधवार से एनसीवेब में भी दाखिले शुरू हो गए। एनसीवेब में कई सेंटरों पर पांचवीं कटऑफ में बंद हुए दाखिले छठी कटऑफ लिस्ट में खुल गए हैं। बताया जा रहा है कि कटऑफ में गिरावट के कारण सेंटरों पर छात्राओं ने दाखिले लिए हैं। उल्लेखनीय है कि एनसीवेब में छठी कटऑफ में लगभग 700 सीटों के लिए दाखिले शुरू हुए हैं।