प्रो. एके बख्शी को ई-लर्निंग, केमिस्ट्री और शिक्षा के क्षेत्र में योगदान के लिए विश्व शिक्षा पुरस्कार दिया गया है। वे दिल्ली विश्वविद्यालय रसायन शास्त्र की प्रतिष्ठित सर शंकर लाल चेयर के प्रोफेसर व खालसा कॉलेज के सेंटर फॉर ई-लर्निंग सेंटर के चेयरमैन हैं।
हाल ही में बहरीन में किंगडम ऑफ बहरीन के शिक्षा मंत्री डॉ. मजीब-बिन अली अल नोइमी ने उन्हें यह पुरस्कार प्रदान किया। प्रो. बख्शी बहादुरगढ़ के पीडीएम विश्वविद्यालय के वाइस चांसलर भी हैं।
शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए वे दो बार पूर्व राष्ट्रपति डॉ. अब्दुल कलाम से सम्मानित हो चुके हैं। उन्हें बहरीन में विश्व शिक्षा सम्मेलन में मुख्य वक्ता के रूप में आमंत्रित किया गया था।
उन्होंने वहां ई-लर्निंग, स्कूल व उच्च शिक्षा में मूक की महत्ता की बात की। प्रो बख्शी ने पुरस्कार मिलने पर कहा कि यह न केवल मेरे लिए, बल्कि देश के लिए भी सम्मान है।