राजधानी में निजी स्कूलों पर नकेल कसने के लिए सरकार नर्सरी दाखिले से पहले बड़ा कदम उठाने जा रही है। स्कूलों की शिकायत करने के लिए एक ग्रीवांस रिडेरसल (शिकायत निवारण) मॉनिटरिंग सिस्टम तैयार किया गया है। इस सिस्टम के तहत doepvt.delhi.gov.in पोर्टल को बृहस्पतिवार को उपमुख्यमंत्री लांच करेंगे।
इस पोर्टल के माध्यम से अभिभावक निजी स्कूल के खिलाफ अपनी शिकायत कर सकेंगे। शिकायत करने पर अभिभावकों को एक यूनिक नंबर दिया जाएगा। जिसकी मदद से वह अपनी शिकायत के स्टेटस का पता भी कर सकेंगे।
अभी तक निजी स्कूलों की शिकायत करने के लिए ऑनलाइन तंत्र नहीं था। अभी तक सरकार की शिकायतें एक ही जगह आती थीं जिससे कई बार अभिभावकों की समस्याओं का समाधान नहीं हो पाता था।
लेकिन अब इस पोर्टल के शुरू होने से अभिभावक, फीस, डोनेशन से लेकर अन्य आने वाली समस्याओं के संबंध में शिकायत कर सकेंगे। चूंकि पोर्टल के माध्यम से शिकायत आएगी लिहाजा एक ही जगह पर अभिभावकों की समस्याओं का निपटारा हो जाएगा।
पोर्टल से ही स्कूलों को उनके लिए आई शिकायतें भेजी जाएंगी और वह जो जवाब देंगे उन्हें इस पोर्टल पर उपलब्ध कराया जाएगा। दिसंबर-जनवरी में नर्सरी दाखिले की दौड़ शुरू होनी है। ऐसे में सरकार ने दाखिला प्रक्रिया शुरू होने से पहले इस तंत्र को विकसित कर लिया है। इस कदम को अभिभावकों के लिए उठाया गया बड़ा कदम माना जा रहा है।