हरियाणा शिक्षा बोर्ड भिवानी ने शनिवार को मुक्त विद्यालय की 10वीं और 12वीं की परीक्षा का परिणाम जारी किया। इस परीक्षा में भी फरीदाबाद का प्रदर्शन कोई खास नहीं रहा। 10वीं (फ्रेश) परीक्षा में महज 5.91 व 12वीं में 12.57 फीसदी परीक्षार्थी उत्तीर्ण हुए हैं। ओपन परीक्षा के परिणाम पर भी शिक्षा विशेषज्ञों ने नजर बनाए रखी थी। उनका कहना है कि परीक्षा में शामिल हुए परीक्षार्थियों की संख्या के मुकाबले पास होने वाले काफी कम रहे।
10वीं (फ्रेश) परीक्षा के रिजल्ट में सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि फरीदाबाद से सटा जिला पलवल प्रदेश का टॉप जिला बना। यहां सबसे अधिक 26.75 अभ्यर्थी परीक्षा में पास हुए। 10वीं परीक्षा के परिणाम पर अगर गौर किया जाए तो अदर स्टेट कैटेगरी को लेकर फरीदाबाद का प्रदेश की सूची में 16वां स्थान है। वहीं इस कैटेगरी को हटा कर फरीदाबाद का 15वां स्थान है। साइबर कैफे में रिजल्व्ट देखने पहुंचे विद्यार्थियों में से अधिकतर फेल रहे। इनका कहना था कि पेपर काफी टफ आया था।
वहीं 12वीं ओपन परीक्षा परिणाम में जींद जिला प्रदेश भर में अव्वल रहा। यहां पासिंग प्रतिशत 24.02 रहा। जिला वाइज पॉसिंग प्रतिशत सूची में फरीदाबाद 18वें नंबर पर रहा। पिछड़े माने जाने वाले पलवल व मेवात भी इससे आगे निकल गए हैं। 12वीं की परीक्षा में 1766 परीक्षार्थियों से महज 222 ही पास हो सके। परीक्षा में कुल 108 लड़के और 114 लड़कियां ही पास हो पाईं।
ओपन एजूकेशन में सिर्फ नारा साबित हुआ बालिका शिक्षा
10वीं की ओपन फ्रेश परीक्षा में 417 लड़कियां शामिल हुईं थीं। जिसमें से महज 12 की उत्तीर्ण हो सकीं। वहीं लड़कों के वर्ग में 801 परीक्षार्थी इसमें बैठे थे जिसमें से 60 पास हुए। लड़कियों का पॉसिंग प्रतिशत जहां 2.88 रहा वहीं लड़कों का प्रतिशत 7.49 रहा। अगर लड़कियों के पास होने की तुलना अन्य जिलों से की जाए तो अंबाला, यमुनानगर, पंचकूला व फतेहाबाद फरीदाबाद से भी पीछे रहे। शिक्षा विशेषज्ञों का कहना है कि ओपन में बेटी पढ़ाओ का प्रभाव नहीं दिखा।
फरीदाबाद के लड़कों का पासिंग प्रतिशत सात जिलों से आगे
फरीदाबाद में अगर 10वीं की फ्रेश परीक्षा के परिणामों पर गौर किया जाए तो यहां लड़कों का पॉसिंग प्रतिशत आठ जिलों से आगे है। इसमें गुरुग्राम, अंबाला, कुरुक्षेत्र, रेवाड़ी, सिरसा, यमुनानगर पंचकूला व फतेहाबाद के नाम शामिल हैं।