नर्सरी दाखिले की प्रक्रिया में अभिभावकों की परेशानी कम नहीं हो रही है। दरअसल, कुछ स्कूलों ने दस्तावेज जांच के नाम पर अभिभावकों की स्क्रीनिंग शुरू कर दी है। स्कूल पहले आओ पहले पाओ के आधार पर दाखिले को बुला रहे हैं। अभिभावकों का कहना है कि लिस्ट जारी करने से पहले ही स्कूल सीधे दाखिले की बात कर रहे हैं।
नर्सरी दाखिले में आवेदन प्रक्रिया समाप्त होने के बाद अब स्कूलों ने मनमानी शुरू कर दी है। इससे अभिभावकों में असमंजस है। नर्सरी डॉट कॉम के प्रमुख सुमित वोहरा ने बताया कि लगातार अभिभावकों की शिकायत आ रही है कि स्कूल जांच के नाम पर उनकी स्कीनिंग कर रहे हैं।
मसलन घर का विस्तृत ब्योरा, कमाई का जरिया, कितनी कमाई, ससुराल पक्ष के विषय में जानकारी ली जा रही है। अभिभावकों का सवाल है कि इस जानकारी की क्या जरूरत है। जबकि किसी भी तरह की स्क्रीनिंग की मनाही है।
सुमित का कहना है कि कई स्कूल ऐसे हैं जिनकी सीटें नहीं भर पाती हैं ऐसे में वह सूची जारी होने से पहले ही सीधे दाखिला देने के लिए कह रहे हैं। वहीं, अभी से फीस जमा कराने के लिए अभिभावकों पर दबाव डाला जा रहा है।
उन्होंने कहा कि दाखिले की चाह में अभिभावक स्कूलों की शिकायत शिक्षा निदेशालय में करने से घबरा रहे हैं। वह कहते हैं कि जो स्कूल शिक्षा निदेशालय के दिशा-निर्देशों का पालन नहीं कर रहे उनके खिलाफ निदेशालय को कठोर कार्रवाई करनी चाहिए।