दिल्ली विश्वविद्यालय के नॉन कोलिजिएट वूमेंस एजुकेशन बोर्ड (एनसीवेब) ने सत्र 2016 के दाखिलों के लिए चौथी कटऑफ जारी कर दी है। बीए प्रोग्राम, बीकॉम पर भारी पड़ता दिखाई दे रहा है।
कुल 25 सेंटरों में से सात सेंटरों पर सामान्य श्रेणी केलिए बीए प्रोग्राम बंद हो गया है। जबकि एससी श्रेणी के लिए 12 सेंटरों पर दाखिले बंद हो गए हैं। बीकॉम में सामान्य श्रेणी के लिए केवल हंसराज कॉलेज में ही दाखिले बंद हैं।
बीकॉम प्रोग्राम की कट ऑफ में जबरदस्त गिरावट देखी जा रही है। खासकर ओबीसी वर्ग के लिए बीकॉम में अधिकतम 12 फीसदी की गिरावट की गई है। वहीं सामान्य वर्ग के लिए यह गिरावट 1 से 10 फीसदी की है। इस कट ऑफ के आधार पर 29, 30 जुलाई व 1 अगस्त तक दाखिला लिया जा सकेगा।
एनसीवेब की चौथी कट ऑफ में बीए प्रोग्राम में सामान्य के लिए 25 सेंटरों में से सात सेंटरों पर दाखिले बंद हो गए हैं। जहां तक कट ऑफ में कमी की बात है तो औसतन 1 से 6 फीसदी की कमी हुई है।
बीए प्रोग्राम व बीकॉम में सामान्य के लिए टॉप पर रहने वाले हंसराज कॉलेज सेंटर के दरवाजे बंद हो गए हैं। बीए में सर्वाधिक छह फीसदी की गिरावट मिरांडा हाउस ने की है।
यहां बीए में 70 फीसदी पर दाखिला लिया जा सकता है। इस कॉलेज में सर्वाधिक 10 फीसदी की गिरावट बीए केलिए की गई है। जबकि इसी कॉलेज ने सबसे अधिक 12 फीसदी की गिरावट बीकॉम में एससी श्रेणी के लिए की है। मिरांडा हाउस व हंसराज सेंटर को छोड़ दिया जाए तो सभी सेंटरों पर एसटी का बीए व बीकॉम में 40 फीसदी पर दाखिला हो जाएगा।