गुरुग्राम की धरती पर भारत, पाकिस्तान और चीन से आए 300 छात्र भविष्य के अंतरिक्ष कॉलोनी का डिजाइन तैयार करेंगे। इसके साथ ही उन्हें अंतरिक्ष के कई अबूझ रहस्यों से भी रूबरू कराया जाएगा। इसके लिए 13वें एशियन रीजन स्पेस सेटलमेंट डिजाइन कंपटीशन का रविवार को ओम शांति रिट्रीट सेंटर में आगाज हुआ। जो एक फरवरी तक जारी रहेगा। यहां आए सभी देशी व विदेशी विद्यार्थियों में अंतरिक्ष की जानकारी के प्रति ज्ञान हासिल करने का उत्साह दिखा।
इस कंपटीशन में शिरकत करने वाले कुल 300 छात्रों की पांच-पांच टीमें बनाई गई हैं। प्रत्येक टीम में लगभग 45 से 50 तक विद्यार्थी शामिल होंगे। इन पांचों टीमों को अलग-अलग नाम दिया गया है। इसमें डगलडाइन एस्ट्रोसिस्टम व प्लेक्टल कंसट्रक्टर्स, ग्रेंबो एयरोस्पेस, वलचर एविएशन, रॉकडॉनल व वराइनटन फ्लगफार्टन के नाम शामिल हैं। इस प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों के अंदर रचनात्मकता, वैज्ञानिक सोच तकनीकी कौतूहल व अंतरिक्ष के प्रति जिज्ञासा पैदा करना है। जिससे वह वैज्ञानिक बन सकें।
इस चार दिवसीय प्रतियोगिता में 10वीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों को शामिल किया गया है। इन सभी को विशेष रूप से अंतरिक्ष में डिजाइन की जाने वाली कॉलोनी का प्रारूप तैयार करना है।
कार्यक्रम के उद्घाटन मौके पर ब्रह्मकुमारी मोनिका ने सभी को योग के बारे में जानकारी दी। इस मौके पर प्रो. सुहास पेडनेकर ने मुख्य अतिथि के रूप में सभी का उत्साह बढ़ाया। नेशनल स्पेस सोसायटी अमेरिका की संस्थापक अनीता गेल ने स्पेस सटलमेंट डिजाइन कंपटीशन के माध्यम से अब तक किए गए कार्यों का विवरण दिया। इस अवसर पर डगलस स्टॉक व वैज्ञानिक हीथर पॉल ने भी छात्रों को संबोधित किया।