शिक्षा विभाग ने जिला विज्ञान और गणित के विशेषज्ञों की नियुक्ति के लिए नई पहल की है। अब नियुक्ति वरिष्ठता के आधार पर नहीं, ऑनलाइन परीक्षा के आधार पर की जाएगी। ऐसा स्कूलों में शिक्षा का स्तर सुधारने के लिए किया जाएगा।
ऑनलाइन परीक्षा के बाद कटऑफ लिस्ट के माध्यम से प्राध्यापकों को विज्ञान एवं गणित विशेषज्ञ का दर्जा मिलेगा। बता दें गणित और विज्ञान विषय को रुचिकर बनाने और शिक्षण के नए-नए तरीके इजाद करने के उद्देश्य से शिक्षा विभाग जिलेवार जिला विज्ञान विशेषज्ञ (डीएसएस), जिला गणित विशेषज्ञ (डीएमएस) नियुक्ति करता है।
पहले वरिष्ठ प्राध्यापकों को ही डीएसएस व डीएमएस के पद पर नियुक्त किया जाता था। जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय में उन्हें जगह व कार्यालय भी मुहैया कराया जाता था। लेकिन समय के साथ शिक्षा विभाग ने इस प्रक्रिया में बदलाव करने का निर्णय लिया है।
हाल ही में शिक्षा विभाग के अतिरिक्त निदेशक ने सरकारी स्कूलों में नियुक्त फिजिक्स, कैमेस्ट्री, बॉयोलॉजी मैथेमेटिक्स विषयों के प्राध्यापकों से जिला विज्ञान विशेषज्ञ (डीएसएस), जिला गणित विशेषज्ञ (डीएमएस) बनने के लिए आवेदन मांगे गए थे।
पूरे प्रदेश में दोनों डीएसएस और डीएमएस के लिए 21-21 पद भरे जाने हैं। इसके लिए प्राध्यापकों को ऑनलाइन आवेदन करना होगा। इसके बाद आवेदक को कंप्यूटर पर साइंस और गणित विषय के प्रमोशन को लेकर 500 शब्दों में स्टेटमेंट ऑफ पर्पज के साथ निबंध लिखकर विभाग को ई-मेल करना होगा।
देनी होगी पूरी जानकारी
ऑनलाइन आवेदन में प्राध्यापक को शैक्षणिक योग्यता की जानकारी, अनुभव, पोस्टिंग स्कूल आदि के बारे में जानकारी देनी होगी। आवेदक को एमएस ऑफिस, एक्सल, पावर प्वाइंट आदि के बारे में जानकारी होनी चाहिए।
-डा. मनोज कौशिक, जिला शिक्षा अधिकारी