स्कूल कॉलेज में मंगलवार के दिन मातृ पितृ पूजन दिवस एवं बलिदान दिवस मनाया गया। सेक्टर 22 शिव कॉलोनी स्थित महावीर विद्या निकेतन स्कूल में बच्चों ने भगत सिंह, सुखदेव और राजगुरु के बलिदान को याद किया।
इस अवसर पर सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। स्कूल के प्रधानाचार्य सर्वेश पांडेय ने इस दौरान बलिदानियों के जीवन एवं चरित्र के बारे में बच्चों को बताया। ओल्ड फरीदाबाद के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में मातृ-पितृ पूजन दिवस मनाया गया। मुख्य अतिथि उद्योग मंत्री विपुल गोयल थे।
इस दौरान विद्यार्थियों ने माता-पिता की पूजा करके आशीर्वाद लिया। उद्योग मंत्री ने कहा कि 14 फरवरी प्यार का दिन है। माता-पिता से प्यारा और गहरा रिश्ता कोई और नहीं है, इसलिए इस दिन सबसे पहले अपने माता पिता की पूजा करनी चाहिए।
इस दौरान जिला शिक्षा अधिकारी मनोज कौशिक, नगर निगम के उप महापौर मनमोहन गर्ग, गंगाशरण मिश्रा, डॉ. राकेश गुप्ता, नरेंद्र शर्मा, सेवानिवृत्त उपजिला शिक्षा अधिकारी डीसी चौधरी मौजूद रहे।