प्रदेश के राजकीय और प्राइवेट डीएड कॉलेजों में दाखिले के लिए पहली मेरिट लिस्ट बृहस्पतिवार को जारी की जाएगी। यहां स्थित एससीईआरटी (राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद्) द्वारा सोमवार को आवेदन की तारीख खत्म होने के बाद मंगलवार से मेरिट लिस्ट तैयार करने का काम शुरू हो गया है।
प्रदेश की 19 हजार 650 सीटों के लिए इस बार महज 18 हजार 85 छात्रों की मेरिट सूची बनाई गई है। इस बार एक सीट पर एक से कम छात्र दावेदार हैं। हालांकि इनमें सबसे अधिक दावेदारी प्रदेश के 27 सरकारी कॉलेजों के लिए होगी।
मेरिट लिस्ट 95 फीसदी अंक से शुरू होने का अनुमान है। बेहतरीन अंक वाले छात्रों की सरकारी कॉलज अलॉट किए जाएंगे। बता दें कि पहली बार हरियाणा के डीएड कॉलेजों के लिए दूसरे प्रदेश के छात्रों को भी अनुमति दी गई है। इसके बावजूद आवेदकों की संख्या में इजाफा नहीं हुआ है।
मेरिट लिस्ट के साथ एससीईआरटी द्वारा कॉलेज अलॉट लेटर जारी कर दिया जाएगा। पूरे प्रदेश के तमाम कॉलेजों में तीन काउंसलिंग के जरिए सीटें भरी जाएंगी। डीएड प्रभारी रविंद्र फोगाट ने बताया कि मेरिट लिस्ट के आधार पर ऑनलाइन कॉलेज च्वॉइस के जरिए काउंसलिंग की जाएगी। मेरिट के आधार पर छात्रों को कॉलेज अलॉट किया गया है। यदि सीटें खाली रह जाती है तो काउंसलिंग की संख्या बढ़ाई जा सकती है।