कॉलेजों में पढ़ाई कर रहे बालिग छात्रों (18 वर्ष से ज्यादा) को अब लर्निंग ड्राइविंग लाइसेंस (डीएल) बनवाने के लिए परिवहन विभाग के कार्यालय नहीं जाना पड़ेगा। दिल्ली सरकार युवाओं को कॉलेज में ही डीएल बनवाने की योजना पर काम कर रही है।
इसके लिए कॉलेज में सप्ताह में एक दिन ऑनलाइन टेस्ट लिया जाएगा। टेस्ट में वही बैठ पाएगा, जिसकी उम्र 18 साल से ज्यादा होगी। टेस्ट में आवेदक को 10 में से कम से कम 6 नंबर लाना अनिवार्य होगा।
दिल्ली सरकार के मुताबिक, बीते एक साल में जारी डीएल के आवेदनों पर नजर डालें तो इसमें 53 फीसदी लोग 18 से 24 साल की उम्र वाले थे। उन्हें डीएल बनवाने के लिए दिल्ली में मौजूद 13 मोटर लाइसेंसिंग कार्यालयों में जाना पड़ता है।
इसलिए दिल्ली सरकार उन्हें कॉलेज या फिर शिक्षण संस्थानों में यह सेवा देना चाहती है। इसे देखते हुए दिल्ली सरकार ने कॉलेजों में डीएल बनाने के लिए ऑनलाइन टेस्ट लेकर डीएल बनाने की योजना बनाई है।
परिवहन विभाग की मानें तो इस सप्ताह दिल्ली सरकार के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया इस प्रस्ताव की समीक्षा करेंगे। उसके बाद इसे आगे बढ़ाया जाएगा। सरकार का लक्ष्य है कि इसे सितंबर तक शुरू कर दिया जाए।
शुरू में यह दिल्ली सरकार के सभी पॉलिटेक्निक कॉलेज, सरकार के अंतर्गत आने वाले डीयू के आठ कॉलेज के साथ अंबेडकर विश्वविद्यालय में इसे शुरू करने की योजना है। बाद में इसके सफल होने पर इसे डीयू के दूसरे कॉलेजों में बढ़ाया जाएगा।
बतातें चलें घर बैठे लाइसेंस बनवाने के लिए इससे पहले दिल्ली परिवहन विभाग सारथी नाम के ऐप पर भी काम कर रहा है। फिलहाल इस सारथी ऐप पर 13 में से 2 एमएलओ ऑफिस आईपी एक्सटेंशन और वसंत कुंज में पायलट प्रोजेक्ट के तौर पर इस्तेमाल हो रहा है।
इसके सफल प्रयोग के बाद इसे सभी एमएलओ ऑफिस में लागू किया जाएगा। जिसमें आवेदक सारथी मोबाइल ऐप के जरिए डीएल बनवाने के साथ-साथ उसे रिन्यू कराने समेत दूसरे काम भी कर पाएगा।