दिल्ली विश्वविद्यालय में छठी कटऑफ के लिए मंगलवार को दाखिले का आखिरी मौका है। बीते शनिवार के मुकाबले सोमवार को छात्रों ने दाखिले में तेजी दिखाई। सोमवार को बची हुई 4000 में से करीब 2000 सीटों पर दाखिले हुए।
सोमवार को छठी कटऑफ आने के बाद दाखिला रद्द कराने वाले छात्रों की संख्या भी अधिक थी। कुछ कॉलेजों में सीटों से अधिक दाखिले हो चुके है अभी मंगलवार का दिन बचा हुआ है। डीयू सातवीं कटऑफ लाएगा की नहीं इस बारे में मंगलवार के बाद ही फैसला होगा।
डीयू के अंतर्गत आने वाले आर्यभट्ट कॉलेज के प्रिंसिपल मनोज सिन्हा ने बताया कि उनके यहा सीटों से अधिक दाखिले सोमवार तक हो चुके है। अभी मंगलवार तक का दिन बचा हुआ है।
ऐसे में उम्मीद है कि कुछ दाखिले होंगे और कुछ रद्द भी होंगे। हालांकि सातवीं कटऑफ को लेकर उन्होंने कहा कि वह इसपर निर्भर करेगा की आखिरी दिन कितने दाखिले रद्द होते है कितने सीटें खाली रह जाती है।
अंबेडकर कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ. जी. के. अरोड़ा ने बताया कि उनके यहां सोमवार को कुल 60 दाखिले हुए हैं जबकि 20 लोगों ने दाखिला रद्द कराया है। उनके मुताबिक उनके यहां कश्मीरी माइग्रेंट और दिव्यांग कैटिगरी को छोड़ दे तो आरक्षित वर्ग के दूसरी सीटें लगभग भर चुकी है। मंगलवार को बाकी सीटों भी भरने की उम्मीद है। वह कहते है कि अगर सीटें खाली रह जाती है तो सातवीं कटऑफ की जरूरत पड़ेगी।
बताते चले कि डीयू में कुल 56 हजार सीटें है। इसमें छठी कटऑफ आने के बाद कुल 53,916 लोगों के दाखिले को मंजूरी मिल चुकी है इसमें 53,321 लोगों ने फीस भी जमा करा दी है। इस तरह अब डीयू में 2086 सीटें और बची है। इसमें ज्यादातर आरक्षित वर्ग की सीटें है।