आईआईआईटी दिल्ली की बीटेक कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग की छात्रा को 1.55 करोड़ का सालाना पैकेज मिला है। बीटेक आखिरी वर्ष की छात्रा को यह पैकेज फेसबुक ने कैंपस प्लेसमेंट में दिया है।
खास बात यह है कि 2020 में पासआउट होने वाले 562 विद्यार्थियों को डिग्री से पहले कैंपस प्लेसमेंट में नौकरी के ऑफर मिले हैं। इसके अलावा 2021 में पासआउट होने वाले छात्र को फेसबुक ने लंदन में इंटर्नशिप के लिए प्रति माह 3.31 लाख रुपये स्टाइपेंड का ऑफर किया है।
कैंपस प्लेसमेंट में 70 से अधिक कंपनियों ने शिरकत की थी। इन कंपनियों ने कुल 562 विद्यार्थियों को नौकरी के ऑफर दिए। इनमें से 310 फुलटाइम और 252 इंटर्नशिप के ऑफर हैं।
बीटेक में ओवरऑल 74 फीसदी प्लेसमेंट हुआ है। इसके अलावा अन्य छात्रों ने एमटेेक और स्टार्टअप में जाने के चलते प्लेसमेंट के लिए रजिस्ट्रेशन ही नहीं किया था। प्लेसमेट में पहली बार हारमोन कॉर्डन ने शिरकत की और सात छात्रों को 15-15 लाख रुपये सालाना पैकेज का ऑफर दिया है।