केंद्र सरकार स्कूल से लेकर उच्च शिक्षा में गुणवत्ता में सुधार के तहत देश समेत विदेशों में स्थापित भारतीय विश्वविद्यालयों के सेंटरों पर भी नकेल कसने जा रही है। इसी के तहत पहली बार इंदिरा गांधी नेशनल ओपन यूनिवर्सिटी (इग्नू) के 12 ओवरसीज सेंटर (विदेशों में स्थापित स्टडी सेंटर) में आयोजित परीक्षा की वीडियो रिकॉर्डिंग की जाएगी ताकि परीक्षा से लेकर रिजल्ट में पारदर्शिता रखी जा सके।
सूत्रों के मुताबिक, मानव संसाधन विकास मंत्रालय ने इस संबंध में इग्नू प्रबंधन को दिशा-निर्देश जारी किए हैं। फिलहाल भारत में इग्नू ही एकमात्र विश्वविद्यालय है, जिसके श्रीलंका, नेपाल में दो, केन्या, आइवरी कोस्ट, इथोपिया, मारीशस, रियाद (सऊदी अरब), जेद्दा (सऊदी अरब), बहरीन, कुवैत, ओमान में सेंटर स्थापित हैं, जहां हजारों की संख्या में प्रति सत्र छात्र ग्रेजुएशन, पोस्ट ग्रेजुएशन, डिप्लोमा समेत सर्टिफिकेट कोर्स की पढ़ाई करते हैं।