इंदिरा गांधी नेशनल ओपन यूनिवर्सिटी (इग्नू) में जून 2019 की वार्षिक परीक्षा में भाग लेने के लिए छात्रों को पंजीकरण करवाना अनिवार्य है। छात्रों के पास ऑनलाइन आवेदन का मौका 31 मार्च तक है। हालांकि, छात्र 10 अप्रैल तक एक हजार रुपये लेट फीस के साथ भी आवेदन कर सकेंगे।
छात्र परीक्षा आवेदन फीस नेटबैंकिंग, क्रेडिट या डेबिट कार्ड से कर सकते हैं। प्रति कोर्स थ्योरी और प्रायोगिक परीक्षा के लिए 150-150 रुपये फीस देनी होगी। परीक्षा से 10 दिन पहले विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर परीक्षा प्रवेश पत्र अपलोड कर दिए जाएंगे।
इग्नू प्रबंधन के मुताबिक, जो छात्र जून परीक्षा में बैठना चाहते हैं, उन्हें आवेदन करना अनिवार्य है। जिन छात्रों ने अपने असाइनमेंट पहले ही जमा कर दिए हैं, वे ही इस परीक्षा में बैठ सकते हैं। इसके अलावा जिन छात्रों की दिसंबर परीक्षा का रिजल्ट नहीं आया है, उन्हें भी जून परीक्षा के लिए आवेदन करना होगा।
परीक्षा आवेदन के साथ छात्रों को अपना सत्यापन भी देना होगा। इसमें लिखा होगा कि उन्होंने प्रवेश परीक्षा आवेदन में दिए गए सभी दिशा-निर्देश को अच्छे से पढ़ने के बाद आवेदन भरा है। यदि किसी छात्र को ऑनलाइन आवेदन में उसका विषय विकल्प में नहीं मिलता है तो वह विश्वविद्यालय के रजिस्ट्रार को इस संबंध में सूचना भेजकर मदद मांग सकते हैं।
प्रोग्राम कोड से भरना होगा आवेदन
ऑनलाइन आवेदन पत्र प्रोग्राम कोड के नाम से भरना होगा। आवेदन पत्र में बीए, बीकॉम का कोड होगा। इसके अलावा बीएससी की बजाय बीडीपी और एमएलआईएस की बजाय एमएलएस का विकल्प चुनें। इसके बाद छात्र को परीक्षा केंद्र व शहर चुनने के लिए अपने रीजनल सेंटर का कोड क्लिक करना होगा। यदि किसी छात्र का मनपसंद परीक्षा केंद्र उपलब्ध नहीं हो पाता है तो विश्वविद्यालय उसके स्थान पर अन्य विकल्प देगा।