दिल्ली यूनिवर्सिटी (डीयू) में दाखिले की दौड़ में हरियाणा के छात्र नहीं पिछड़ेंगे। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड (एचएसईबी) के छात्रों को डीयू में दाखिले के लिए मार्कशीट का भी इंतजार नहीं करना पड़ेगा। बोर्ड ने इस बार अपने सभी छात्रों के रिजल्ट का डाटा तैयार कर डीयू को भेजा है, ताकि दाखिले के बाद छात्रों के डॉक्यूमेंट वेरीफिकेशन में विश्वविद्यालय प्रशासन को कोई दिक्कत न आए।
दरअसल, पिछले वर्ष तक हरियाणा बोर्ड के छात्रों के अच्छे नंबर आने पर भी दाखिला नहीं मिल पाता था। पहले रिजल्ट में देरी और फिर मार्कशीट नहीं आने की वजह से डीयू के कॉलेज दाखिला देने से मना कर देते थे।
जिससे जिले में टॉप करने वाले छात्रों का डीयू में पढ़ने का ख्वाब पूरा नहीं हो पाता था। आखिर में उसे शहर के किसी कॉलेज में ही दाखिला लेना पड़ता था। इस परेशानी को लेकर पिछले साल बोर्ड कार्यालय में कई शिकायत भी दी गई थीं।
पिछली गलतियों से सबक लेते हुए इस बार बोर्ड ने छात्रों का पूरा डाटा डिजिटलाइज्ड किया है और सीडी बनाकर डीयू और उसके कॉलेजों को भेजा है। अब अगर छात्र दाखिले के वक्त मार्कशीट उपलब्ध नहीं करा पाएंगे, तब भी दाखिले में दिक्कत नहीं होगी।
छात्र सीधे ऑनलाइन भी अपना डाटा वेरीफाई कराकर दाखिला ले सकेंगे। बता दें कि इस बार हरियाणा बोर्ड ने सीबीएसई और आईसीएसई के साथ ही रिजल्ट जारी किया था, जिसकी वजह से छात्रों की डीएमसी (डिटेल मार्कशीट) भी भेज दी गई है।