राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद् (एससीईआरटी) के परिसर में आयोजित तीन दिवसीय गीता महोत्सव के दूसरे दिन शुक्रवार को सेमिनार का आयोजन किया गया। जिसमें बतौर मुख्य अतिथि सोहना के विधायक तेजपाल तंवर ने शिरकत की।
दूसरे दिन सांस्कृतिक कार्यक्रमों की धूम रही। महोत्सव में विभिन्न स्कूलों से आए बच्चों ने धमाकेदार सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर खूब तालियां बटोरी। राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय जैकबपुरा की छात्राओं ने %बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’ विषय पर हरियाणवी डांस प्रस्तुत किया।
रॉकफार्ड स्कूल के विद्यार्थियों ने मां दुर्गा पर अपनी धार्मिक प्रस्तुति दी। जिससे पूरा वातावरण भक्ति के रंग में रंगा हुआ प्रतीत हुआ। महोत्सव में इस्कॉन की ओर से कलाकार ने भगवान श्री कृष्ण द्वारा दिए गए गीता के उपदेश पर प्रस्तुति दी। जिसमें गीता के महत्व व इसमें छिपे रहस्यों को अपनी प्रस्तुति के माध्यम से उजागर किया।
गीता महोत्सव के दूसरे दिन सोहना के विधायक तेजपाल तंवर ने दीपशिखा प्रज्जवलित कर सेमिनार का शुभारंभ किया। इस अवसर पर श्री माता शीतला मंदिर द्वारा संचालित श्रृंगेरी विद्यापीठ के 11 विद्यार्थियो ने पारंपरिक वेशभूषा में श्री गणेश का स्वस्ति वाचन द्वारा आह्वान किया गया।
जिसकी अगुवाई श्री माता शीतला पूजा स्थल बोर्ड के सदस्य अमरचंद भारद्वाज द्वारा की गई थी। मुख्य अतिथि ने कहा कि गीता हमें जीवन जीने की पद्धति सिखाती है और इसमें 18 अध्याय हैं। उन्होंने कहा कि महाभारत का युद्ध 18 दिन चला था।
अर्जुन परिवार के मोह में पड़ गए थे जिससे बाहर निकालने के लिए भगवान श्री कृष्ण ने उन्हें गीता का उपदेश दिया और अंत में धर्म की जीत हुई। गीता में लिखित ज्ञानवर्धक बातें जीवन की प्रत्येक परिस्थिति में हमारा मार्गदर्शन करती है।
उन्होंने उपस्थित लोगों का आह्वान करते हुए कहा कि जीवन में मेहनत करके आजीविका कमानी चाहिए क्योंकि मेहनत का फल अवश्य मिलता है। इस अवसर पर उनके साथ पूर्व पार्षद सुभाष सिंगला, भाजपा की जिला महिला मोर्चा की अध्यक्ष बबीता कराना, कुलभूषण भारद्वाज, अनु यादव व नगराधीश अल्का चौधरी भी उपस्थित रहे।