दिल्ली विश्वविद्यालय के श्रद्धानंद कॉलेज में बीकॉम प्रोग्राम के कॉरपोरेट अकाउंटिंग के पेपर में बड़ी गलती का मामला सामने आया है। बुधवार को हुई कॉरपोरेट अकाउंटिंग की परीक्षा के प्रश्न पत्र से चार पेज गायब थे। इस कारण से छात्रों को काफी परेशानी उठानी पड़ी।
परीक्षा कराने के लिए इन चार पेज की फोटोकॉपी परीक्षार्थियों को दी गई। श्रद्घानंद कॉलेज के शिक्षक डॉ. सूरज मंडल यादव के मुताबिक, बुधवार को बीकॉम के छठे सेमेस्टर का पेपर था। पेपर 75 अंकों का था। कॉलेज में प्रश्न पत्र दिया जाना था तो पता चला कि कुछ प्रश्न पत्रों में पृष्ठ संख्या 3, 4, 24 और 25 नहीं हैं।
जिन प्रश्न पत्र में यह पृष्ठ थे, उनमें से फोटोकॉपी कराकर परीक्षा कराई गई। इस कारण छात्रों का काफी समय बर्बाद हुआ। छात्रों की परेशानी यहीं खत्म नहीं हुई। जिन पेपर में 24 नंबर का पृष्ठ था, उसके प्रश्न नंबर 4ए में प्रिंटिंग की गलती पाई गई।
इस कारण पेपर भी देर से शुरू हो सका। कहा जा रहा है कि यह परीक्षा विभाग की लापरवाही थी। उल्लेखनीय है कि इन दिनों डीयू में सेमेस्टर परीक्षाओं का दौर जारी है।