बीते सप्ताह नांगलोई स्थित सरकारी स्कूल के शिक्षक मुकेश की हत्या के विरोध के कारण नहीं हो सकी समेटिव एसेसमेंट-1 (एसए-वन) की दो परीक्षाएं इस सप्ताह होंगी।
इस संबंध में शिक्षा निदेशालय की ओर से सभी सरकारी स्कूल के प्रिंसिपलों को जानकारी भेज दी गई है। हत्या के विरोध में 27-28 सितंबर को शिक्षकों ने कक्षाओं का बहिष्कार कर प्रदर्शन किया था।
इस कारण कई स्कूलों में यह दो परीक्षाएं नहीं हो सकी थीं। परीक्षा दोबारा हो सके इसके लिए स्कूलों को स्वंय ही प्रश्न-पत्र तैयार कर परीक्षा कराने को कहा गया है। परीक्षा पांच व छह अक्तूबर को होगी।
27 सितंबर को जिस विषय की परीक्षा होनी थी, वह अब पांच अक्तूबर को होगी। जिस विषय की परीक्षा 28 सितंबर को होनी थी, वह छह अक्तूबर को कराई जाएगी।
शिक्षा निदेशालय ने साफ किया है कि प्रश्न-पत्र की जांच विषय के शिक्षक ही करेंगे। प्रश्न-पत्र तैयार कर उसकी कॉपी शिक्षा निदेशालय को भेजनी होगी।
15 तक घोषित होंगे नतीजे
बता दें कि इन परीक्षाओं के साथ ही पहले हो चुकी परीक्षाओं के नतीजे 15 अक्तूबर तक घोषित होंगे। दरअसल, निदेशालय चाहता है कि 15 अक्तूबर तक नतीजे घोषित कर दिए जाएं, क्योंकि उसी दिन स्कूलों में मेगा पैरेंट टीचर मीटिंग आयोजित होनी है।