डीयू लॉ फैकल्टी के प्रथम व द्वितीय वर्ष के एक विषय में फेल छात्रों ने रविवार को अपनी भूख हड़ताल खत्म कर दी है। वे बृहस्पतिवार को फिर से भूख हड़ताल पर बैठे थे।
अब वह सोमवार को कुलपति से मिलकर अपनी बात रखेंगे। उनका कहना है कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं की जाती हैं उनका विरोध जारी रहेगा। बताते चलें कि लॉ फैकल्टी के पहले और दूसरे साल के ज्यादातर छात्र एक विषय में फेल हो गए हैं।
छात्रों की मांग है कि इसमें कोई गड़बड़ी है इसलिए छात्रों को अगले साल के लिए प्रमोट किया जाए। प्रशासन उन्हें प्रमोट करने को तैयार नहीं है। प्रमोट नहीं करने से नाराज छात्र भूख हड़ताल पर बैठ गए थे।
बताया जा रहा था कि छात्रों के इस हंगामे के बाद रविवार को वीसी ने लॉ फैकल्टी के डीन को बातचीत के लिए बुलाया था, लेकिन इस बारे किसी भी अधिकारी ने फोन नहीं उठाया।
खुद डीन से बात करने की कोशिश की गई तो उनसे संपर्क नहीं हो पाया। अब छात्रों का कहना है कि वीसी ने उन्हें सोमवार को मिलने के बुलाया है। छात्रों का कहना है अंडरग्रेजुएट के छात्रों के साथ ऐसा हुआ था तो उन्हें प्रमोट कर दिया गया था। फिर डीयू हमारे साथ ऐसा क्यों नहीं कर रहा है।