दिल्ली विश्वविद्यालय में दाखिले की उलझन सुलझाने के लिए शनिवार को भी ओपन डेज का आयोजन किया गया। रोज की तरह आज भी छात्र और अभिभावक मौजूद थे। मगर, बीते दिनों में शनिवार को लोगों की संख्या कम थी। डीयू का मानना है कि रविवार को सीबीएसई का रिजल्ट आना है। इसके चलते अब लोग परिणाम का इंतजार कर रहे हैं।
उम्मीद है सोमवार को छात्रों की भीड़ बढ़ेगी। इसे लेकर डीयू प्रशासन ने पहले से तैयारी कर ली है। शनिवार को डीयू के एक्सपर्ट ने छात्रों के सवालों का जवाब दिया। छात्रों ने ऑनलाइन फॉर्म भरने के साथ दाखिला के लिए जरूरी अनिवार्यता के बारे में सवाल पूछे।
क्या सिर्फ खेल कोटे के ट्रायल के आधार पर डीयू में दाखिला मिल सकता है?
खेल कोटे पर आवेदकों को वरीयता दी जाती है। सिर्फ खेल कोटे के ट्रायल पर दाखिला नहीं मिलता है। अकादमिक रिकॉर्ड भी देखा जाता है। इसमें खेल कोटे ट्रायल के 60 अंक जबकि, अकादमिक रिकॉर्ड के 40 अंक दिए जाते हैं।
डीयू में ओबीसी कोटे में दाखिले के लिए क्रीमी लेयर ओबीसी प्रमाण पत्र जरूरी है?
डीयू में ओबीसी के नॉन क्रीमी लेयर वर्ग के लिए 27 फीसदी सीटें आरक्षित हैं। अगर छात्र के पास ओबीसी का प्रमाणपत्र है। वह नॉन क्रीमी लेयर में आते हैं तो उन्हें उस जिले जहां के वह रहने वाले है उसी प्रमाणपत्र पर जिला मजिस्ट्रेट से नॉन क्रीमी लेयर लिखवाकर ही आवेदन करे।
मैंने बीते साल डीयू के एसओएल में दाखिला लिया था। क्या इस बार रेग्यूलर पाठ्यक्रम के लिए आवेदन कर सकती हूं?
बिल्कुल आप आवेदन कर सकती है। मगर डीयू कटऑफ में अगर आपका नंबर आता है तभी आपको दाखिला मिलेगा। एसओएल में पढ़ाई करने का कोई छूट नहीं मिलेगा।
कंप्यूटर साइंस में दाखिला लेने के लिए क्या गणित होना जरूरी है?
कंप्यूटर साइंस लेने के लिए 12वीं में गणित विषय का होना अनिवार्य है। मगर बेस्ट फोर में आप किसी भी चार विषय के अंक जोड़ सकते है। उसके लिए गणित अंक की जरूरत नहीं होगी।