एपीजे अब्दुल कलाम प्राविधिक विश्वविद्यालय के 14वें दीक्षांत समारोह में इस बार छात्रों को शुल्क देना होगा। दीक्षांत समारोह का पंजीकरण शुल्क 650 से पांच हजार रुपये तक निर्धारित किया गया है। पहली बार है जब दीक्षांत समारोह के लिए छात्रों से मोटी फीस ली जा रही है। ज्ञात हो कि दीक्षांत समारोह में 70 प्रतिशत से अधिक अंक पाने वाले छात्र ही शामिल हो सकते हैं।
दीक्षांत समारोह 23 जनवरी को इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजन किया जाएगा। एकेटीयू प्रशासन से मिली जानकारी के मुताबिक इसके लिए छात्रों को ऑनलाइन पंजीकरण करना होगा। समारोह के लिए देर से पंजीकरण कराने पर छात्रों को ज्यादा शुल्क देना होगा। विश्वविद्यालय प्रशासन का कहना है कि इस शुल्क से छात्रों को दीक्षांत समारोह का गाउन दिया जाएगा।
पंजीकरण के लिए छात्र विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर दीक्षांत समारोह के लिए दिए गए लिंक पर जाकर पंजीकरण करा सकते हैं। 16 जनवरी तक पंजीकरण कराने वाले छात्रों को 650 रुपये शुल्क देना होगा। 17 से 20 जनवरी तक पंजीकरण कराने पर 1500 और 21 व 22 जनवरी को 3000 रुपये, वहीं 23 जनवरी को सुबह नौ बजे तक आवेदन करने पर पांच हजार रुपये शुल्क देना होगा।
छात्रों को समारोह में शामिल होने वाले उनके अभिभावकों की भी जानकारी देनी होगी। छात्रों को समारोह स्थल पर ही डिग्री प्रदान की जाएगी। पहले दीक्षांत समारोह में सभी छात्रों को डिग्री नहीं दी जाती थी।
दीक्षांत समारोह में शामिल होने के लिए छात्र विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। कोई छात्र अंतिम समय में पंजीकरण कराता है और देरी से पंजीकरण कराने का जायज कारण देगा तो उससे अधिक शुल्क नहीं लिया जाएगा।
जेपी पांडेय, परीक्षा नियंत्रक एकेटीयू