नियम 134 ए के तहत आरक्षित रिक्त सीटों पर निजी स्कूलों द्वारा दिए गए दाखिले की जानकारी शिक्षा विभाग द्वारा 1 मई को जारी की जाएगी। शिक्षा विभाग ने सभी निजी स्कूलों को एक से दो दिन में विद्यार्थियों को दिए गए दाखिले की जानकारी अनिवार्य रूप से देने के निर्देश दिए है। इसके बाद जानकारी नहीं देने वाले स्कूलों के लिए अतिरिक्त मुख्य सचिव शिक्षा विभाग पीकेदास को कार्यवाही के लिए लिखा जाएगा।
फरीदाबाद एवं बल्लभगढ़ ब्लॉक में इस बार 1084 विद्यार्थियों ने 16 अप्रैल को मूल्यांकन परीक्षा दी थी। जिसमें 365 विद्यार्थियों को स्कूल आवंटित किया गया। दो से पांच तक दाखिले की समस्या की शिकायत शिक्षा विभाग के पास बहुत कम संख्या में पहुंची है, जबकि बड़ी संख्या में अभिभावक अपने बच्चों को लेकर भटकते रहे। बताया जा रहा है कि अभी भी करीब 100 के आसपास बच्चों को कई तरह की परेशानी झेलनी पड़ रही है।
शिक्षा विभाग 7से मिली जानकारी के अनुसार इस बार सिर्फ बड़े स्कूल दाखिला लेने में आनाकानी कर रहे थे। विभाग द्वारा स्कूलों को पत्र लिखे जाने के बाद कुछ स्कूलों ने त्वरित दाखिला दिया है। अभिभावक की तरफ से प्राप्त हो रही शिकायत पर स्कूलों से पूछा जा रहा है कि आखिर क्या मसला है।
अभी तक कितने स्कूलों ने दाखिला दिया है, उसकी रिपोर्ट जुटाई जा रही है। निजी स्कूलों से जानकारी मांगी गई है। एक दो दिन में रिपोर्ट तैयार हो जाएगी। इस प्रक्रिया में थोड़ा समय लगता है।
-अनिता शर्मा, ब्लॉक शिक्षा अधिकारी, बल्लभगढ़